धड़ल्ले से ऐप डाउनलोड करना पड़ सकता है भारी, प्ले स्टोर से ऐप इंस्टॉल करने से पहले करें ये जरूरी काम
आजकल स्मार्टफोन यूजर्स किसी भी जरूरत के लिए तुरंत ऐप डाउनलोड कर लेते हैं. लेकिन हर ऐप जो Google Play Store पर दिखता है, वह सुरक्षित हो यह जरूरी नहीं. कई फर्जी या संदिग्ध ऐप्स यूजर्स को विज्ञापनों, डेटा चोरी और साइबर फ्रॉड के खतरे में डाल सकते हैं. इसलिए ऐप इंस्टॉल करने से पहले कुछ जरूरी जांच करना बेहद जरूरी है.
Cyber Fraud: स्मार्टफोन यूजर्स अक्सर किसी काम के लिए जल्दी-जल्दी ऐप डाउनलोड कर लेते हैं. लेकिन हर ऐप जो Google Play Store पर दिखाई दे, वह सुरक्षित या भरोसेमंद हो – यह जरूरी नहीं है. हाल ही में साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे कई ऐप्स को लेकर चेतावनी दी है जो मुफ्त कॉलिंग, गेम्स या टूल्स के नाम पर भारी विज्ञापन दिखाते हैं और यूजर के डेटा तक पहुंच बना लेते हैं. ऐप इंस्टॉल करने से पहले कुछ जरूरी चीजों की जांच करना बेहद जरूरी है, वरना फोन की सुरक्षा और निजी जानकारी दोनों खतरे में पड़ सकती हैं.
डेवलपर की जानकारी जरूर जांचें
किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसके डेवलपर का नाम और इतिहास देखना जरूरी है. कई फर्जी ऐप्स ऐसे डेवलपर नाम से आते हैं जिनका कोई भरोसेमंद रिकॉर्ड नहीं होता. अगर डेवलपर के ऐप्स संदिग्ध लगते हैं या बहुत कम जानकारी उपलब्ध है, तो ऐसे ऐप से दूर रहना ही बेहतर होता है. साइबर विशेषज्ञों के अनुसार भरोसेमंद कंपनियों या पहचाने गए डेवलपर्स के ऐप्स ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं.
रिव्यू और रेटिंग को ध्यान से पढ़ें
कई बार ऐप की रेटिंग अच्छी दिखती है, लेकिन यूजर रिव्यू पढ़ने पर असली तस्वीर सामने आती है. कुछ यूजर्स शिकायत करते हैं कि ऐप डाउनलोड करने के बाद लगातार विज्ञापन दिखते हैं, कॉलिंग या अन्य फीचर ठीक से काम नहीं करते, या ऐप अनचाहे पॉप-अप दिखाने लगता है. ऐसे संकेत बताते हैं कि ऐप भरोसेमंद नहीं हो सकता.
ऐप परमिशन को अनदेखा न करें
ऐप इंस्टॉल करते समय मांगी गई परमिशन पर खास ध्यान देना चाहिए. अगर कोई साधारण कॉलिंग या गेमिंग ऐप आपके कॉन्टैक्ट्स, माइक्रोफोन, लोकेशन या फाइल्स तक अनावश्यक एक्सेस मांग रहा है, तो यह खतरे का संकेत हो सकता है. केवल वही परमिशन दें जो ऐप के काम के लिए जरूरी हों. ऐप डाउनलोड करना आसान है, लेकिन थोड़ी सावधानी आपके फोन और निजी डाटा को सुरक्षित रख सकती है. इसलिए अगली बार कोई नया ऐप इंस्टॉल करने से पहले उसकी जानकारी, रिव्यू और परमिशन जरूर जांचें.
