OpenAI की पेंटागन डील पर बड़ा विवाद, Anthropic CEO ने सैम अल्टमैन पर लगाए गंभीर आरोप; जानें क्यों मचा है घमासान

OpenAI और Anthropic के बीच AI सेक्टर में नया विवाद सामने आया है. Anthropic के CEO डारियो अमोडेई ने OpenAI और उसके CEO सैम ऑल्टमैन पर Pentagon के साथ हुई डील को लेकर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि यह सुरक्षा के नाम पर केवल दिखावा है.

OpenAI और Anthropic के बीच AI सेक्टर में नया विवाद सामने आया है. Image Credit: money9live

OpenAI Pentagon Deal: AI सेक्टर में दो बड़ी कंपनियों के बीच टकराव सामने आया है. Anthropic के CEO डारियो अमोडेई ने OpenAI और उसके CEO सैम ऑल्टमैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अमोडेई ने कहा कि OpenAI का अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ किया गया समझौता सुरक्षा के नाम पर केवल दिखावा है. इस बयान के बाद AI इंडस्ट्री में नई बहस छिड़ गई है. वहीं इस विवाद के बीच Anthropic के चैटबॉट Claude की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती दिख रही है और कई देशों में उसने ChatGPT को पीछे छोड़ दिया है.

OpenAI और Pentagon डील पर उठा विवाद

OpenAI ने हाल ही में अमेरिकी सरकार के साथ एक समझौते का एलान किया है. इस डील के तहत कंपनी Pentagon के कुछ गोपनीय प्रोजेक्ट के लिए AI तकनीक उपलब्ध कराएगी. घोषणा के तुरंत बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया. कई जानकारों ने सवाल उठाया कि रक्षा क्षेत्र में AI के इस्तेमाल से नई सुरक्षा चुनौतियां पैदा हो सकती हैं. इसी मुद्दे को लेकर Anthropic ने भी OpenAI की आलोचना की है.

Anthropic CEO ने लगाए गंभीर आरोप

Anthropic के CEO डारियो अमोडेई ने एक इंटरनल मेमो में OpenAI के दावों को गलत बताया. उनके अनुसार कंपनी इस डील को सुरक्षित और जिम्मेदार बताकर गलत संदेश दे रही है. अमोडेई ने कहा कि OpenAI कर्मचारियों को संतुष्ट करने के लिए यह फैसला लिया गया है. जबकि Anthropic ने इस तरह की डील से दूरी बनाकर संभावित दुरुपयोग को रोकने की कोशिश की है.

Sam Altman की सफाई

OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने माना कि Pentagon डील की घोषणा का समय कुछ लोगों को गलत लग सकता है. हालांकि उनका कहना है कि कंपनी ने सरकार के साथ काम करने के लिए कई सुरक्षा उपाय लागू किए हैं. ऑल्टमैन के मुताबिक यह साझेदारी जिम्मेदारी के साथ AI तकनीक को आगे बढ़ाने का प्रयास है.

ChatGPT को मिला यूजर का विरोध

Pentagon डील के बाद ChatGPT को लेकर कुछ यूजर्स ने नाराजगी भी जताई. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर OpenAI की सदस्यता खत्म करने की बात कही. रिपोर्ट के अनुसार इस घोषणा के बाद ChatGPT को अनइंस्टॉल करने की संख्या में तेज उछाल देखने को मिला. इससे AI बाजार में कंपटीशन और तेज हो गई है.

Claude ऐप की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी

दूसरी ओर Anthropic के AI चैटबॉट Claude को इस विवाद का फायदा मिलता नजर आ रहा है. कई देशों में ऐप स्टोर पर Claude ने ChatGPT को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया. कंपनी ने यूजर्स को आकर्षित करने के लिए नई सुविधाएं भी जोड़ी हैं. इनमें ऐसा फीचर शामिल है जो दूसरे चैटबॉट से डेटा और मेमोरी को Claude में ट्रांसफर करने की सुविधा देता है.

ये भी पढ़ें- होली पर साइबर ठगों से सावधान: जॉब, रेंटल और लोन ऐप के नाम पर बढ़ रहे ऑनलाइन स्कैम, ऐसे रहें सेफ

AI इंडस्ट्री में बढ़ता कंपटीशन

AI तकनीक के तेजी से विकास के बीच बड़ी कंपनियों के बीच कंपटीशन भी बढ़ती जा रही है. OpenAI और Anthropic के बीच यह विवाद उसी का हिस्सा माना जा रहा है. आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि सरकारों के साथ AI कंपनियों की साझेदारी किस दिशा में आगे बढ़ती है और इसका वैश्विक टेक उद्योग पर क्या असर पड़ता है.