बिना इंटरनेट के भी होगा UPI पेमेंट! NPCI ला रहा नया ‘Tap-to-Pay’ फीचर; जानें कैसे करेगा काम
NPCI ऐसा फीचर तैयार कर रहा है, जिससे इंटरनेट न होने पर भी UPI से पेमेंट किया जा सकेगा. NFC आधारित Tap-to-Pay तकनीक के जरिए ग्राहक 2,000 रुपये तक का भुगतान कर सकेंगे. इस सुविधा में NFC (Near Field Communication) आधारित Tap-to-Pay तकनीक का इस्तेमाल होगा.
UPI Offline Payment: अगर आपके फोन में इंटरनेट नहीं है, तब भी जल्द UPI से पेमेंट करना संभव हो सकता है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ऐसी नई सुविधा पर काम कर रहा है, जिससे ग्राहक और दुकानदार, दोनों के पास इंटरनेट न होने पर भी UPI के जरिए पेमेंट कर सकेंगे. इस सुविधा में NFC (Near Field Communication) आधारित Tap-to-Pay तकनीक का इस्तेमाल होगा.
क्या है Tap-to-Pay तकनीक?
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, Tap-to-Pay एक NFC आधारित तकनीक है. इसमें मोबाइल को PoS मशीन के पास सिर्फ टैप करना होता है और दोनों डिवाइस आपस में संपर्क बनाकर पेमेंट की जानकारी शेयर कर लेते हैं. इसके लिए QR कोड स्कैन करने या कार्ड स्वाइप करने की जरूरत नहीं पड़ती.
रिपोर्ट के मुताबिक, NPCI इसी तकनीक का इस्तेमाल UPI के साथ करने की तैयारी कर रहा है, ताकि इंटरनेट न होने पर भी पेमेंट किया जा सके.
कैसे करेगा काम?
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राहक को पहले इंटरनेट उपलब्ध होने पर अपने UPI Lite वॉलेट में पैसे जोड़ने होंगे. इसके बाद इंटरनेट न होने पर भी NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को PoS मशीन पर टैप करके 2,000 रुपये तक का पेमेंट किया जा सकेगा. इस दौरान UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होगी.
रिपोर्ट के अनुसार, PoS मशीन ट्रांजैक्शन की जानकारी अपने पास सुरक्षित रखेगी. जैसे ही इंटरनेट कनेक्टिविटी वापस आएगी, यह जानकारी वेरिफिकेशन और सेटलमेंट के लिए आगे भेज दी जाएगी.
किन जगहों पर सबसे ज्यादा काम आएगी सुविधा?
यह फीचर उन जगहों के लिए तैयार किया जा रहा है, जहां इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता या नेटवर्क कमजोर रहता है. इसमें हवाई जहाज के भीतर, भूमिगत मेट्रो नेटवर्क और दूर-दराज के इलाके शामिल हैं.
UPI Lite X से कितना अलग होगा?
रिपोर्ट के मुताबिक, यह सुविधा UPI Lite X से अलग होगी. NPCI ने सितंबर 2023 में UPI Lite X लॉन्च किया था, जिससे मोबाइल नेटवर्क न होने पर भी ऑफलाइन पेमेंट की सुविधा मिलती है. नए सिस्टम में ग्राहक NFC वाले PoS टर्मिनल पर मोबाइल टैप करके पेमेंट कर सकेंगे. यानी ऑफलाइन पेमेंट का दायरा पारंपरिक PoS मशीनों तक बढ़ जाएगा.
RBI के नियम क्या कहते हैं?
रिपोर्ट में इस नए फीचर में 2,000 रुपये तक के ऑफलाइन पेमेंट की बात कही गई है. हालांकि, RBI के मौजूदा ऑफलाइन डिजिटल पेमेंट फ्रेमवर्क के तहत सामान्य ऑफलाइन ट्रांजैक्शन की सीमा 500 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन है. वहीं UPI Lite के जरिए 1,000 रुपये तक भुगतान और 5,000 रुपये तक बैलेंस रखने की अनुमति है.
रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा UPI
NPCI के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, जून 2026 में UPI के जरिए 22.72 अरब ट्रांजैक्शन हुए, जिनकी कुल वैल्यू 28.92 लाख करोड़ रुपये रही. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर यह सुविधा शुरू होती है तो कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में भी डिजिटल पेमेंट पहले से ज्यादा आसान हो सकता है.
इसे भी पढ़ें- SBI Funds Management IPO Listing: केवल 6.85% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ स्टॉक, GMP से रहा पीछे; जानें प्रति शेयर कितनी हुई कमाई
Latest Stories
कौन हैं उदय रुद्दाराजू? जो बने OpenAI के नए CTO; अब संभालेंगे AI के भविष्य की कमान
Vivo T5 Lite 44W 5G हुआ लॉन्च, लंबी बैटरी लाइफ, फास्ट चार्जिंग और AI फीचर्स से है लैस; जानें कीमत
Galaxy Fold यूजर्स के लिए खुशखबरी, Samsung ला रहा है क्रीज कम करने वाली नई डिस्प्ले टेक्नोलॉजी
