UPI से PF निकालने का इंतजार? पहले दुरुस्त कर लें ये 3 रिकॉर्ड, वरना फंस सकता है आपका पैसा!

EPFO जल्द ही PF निकासी की प्रक्रिया को पहले से ज्यादा आसान बनाने की तैयारी में है. ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए किन बातों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और कौन-कौन से जरूरी दस्तावेज पहले से अपडेट या पूरे कर लेने चाहिए. आइए जानते हैं.

UPI से निकल सकेगा PF का पैसा Image Credit: Avishek Das/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

नौकरीपेशा लोगों के लिए जल्द ही भविष्य निधि (PF) का पैसा निकालना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) UPI आधारित निकासी सुविधा शुरू करने की तैयारी में है. सरकार इस सिस्टम की टेस्टिंग पूरी कर चुकी है. जल्द ही कर्मचारी UPI के जरिए PF का पैसा निकाल सकेंगे, लेकिन नई सुविधा का फायदा तभी मिलेगा जब EPFO रिकॉर्ड पूरी तरह अपडेट और सही हों. ऐसे में अगर आपके दस्तावेजों में कोई गलती या जानकारी अधूरी है, तो निकासी के दौरान परेशानी आ सकती है.

PF निकालने से पहले इन 3 बातों की करें जांच

कर्मचारियों को सबसे पहले अपना UAN (Universal Account Number) एक्टिव और सुचारु रूप से काम कर रहा है या नहीं, यह जांच लेना चाहिए. कई लोगों को जरूरत पड़ने पर पता चलता है कि वे पासवर्ड भूल चुके हैं या मोबाइल नंबर बदल चुका है.

इसके अलावा आधार, पैन और EPFO रिकॉर्ड में नाम, जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत जानकारी एक जैसी होनी चाहिए. मामूली स्पेलिंग की गलती भी क्लेम प्रोसेस में रुकावट बन सकती है.

बैंक खाते की जानकारी रखें अपडेट

UPI आधारित निकासी में बैंक खाता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके खाते का नंबर, IFSC कोड और अन्य जानकारी सही हो. यदि EPFO में पुराना या निष्क्रिय बैंक खाता जुड़ा है, तो पेमेंट में दिक्कत आ सकती है.

मोबाइल नंबर और UPI ID भी है जरूरी

डिजिटल पेमेंट के इस दौर में मोबाइल नंबर की भूमिका काफी अहम हो गई है. आधार से लिंक मोबाइल नंबर, UAN में दर्ज मोबाइल नंबर और UPI से जुड़ा नंबर एक्टिव होना चाहिए. साथ ही UPI ID सही बैंक खाते से लिंक होनी चाहिए.

नौकरी बदलने वालों के लिए खास सलाह

यदि आपने नौकरी बदली है, तो यह जरूर जांच लें कि आपका पुराना PF अकाउंट नए खाते में सही तरीके से ट्रांसफर हुआ है या नहीं. साथ ही ई-नॉमिनेशन की जानकारी भी अपडेट रखें. इससे फ्यूचर में पेंशन, बीमा और परिवार से जुड़े दावों में परेशानी नहीं होगी.

इसे भी पढ़ें- AC का आउटडोर यूनिट कहां लगाना है सही? छत, दीवार या जमीन… जानें सबसे बेहतर जगह