भारत में शुरू होने वाला है फ्लेक्स-फ्यूल का दौर, E100 की कीमत पर जल्द होगा फैसला; पेट्रोल से 20% तक सस्ता होने की उम्मीद
भारत में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की शुरुआत से पहले केंद्र सरकार E100 फ्यूल की कीमत तय करने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, E100 फ्यूल को पेट्रोल के मुकाबले 15 से 20 फीसदी तक सस्ता रखा जा सकता है और इसकी कीमत 82 से 87 रुपये प्रति लीटर के बीच हो सकती है.
Flex-Fuel Vehicles India: भारत में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के दौर की शुरुआत जल्द हो सकती है. केंद्र सरकार E100 फ्यूल की खुदरा कीमत तय करने की अंतिम तैयारी में जुटी हुई है. माना जा रहा है कि E100 फ्यूल को सामान्य पेट्रोल की तुलना में 15 से 20 फीसदी तक सस्ता रखा जा सकता है. यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब देश की सबसे बड़ी कार निर्माता Maruti Suzuki और प्रमुख दोपहिया वाहन कंपनी Hero MotoCorp अपने फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बाजार में उतारने की तैयारी कर रही हैं.
कितनी हो सकती है कीमत
फाइनेंशियल एक्सप्रेस ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि E100 फ्यूल की कीमत 82 से 87 रुपये प्रति लीटर के बीच तय की जा सकती है. सरकार का उद्देश्य एथेनॉल आधारित ईंधन को बढ़ावा देना और आयातित कच्चे तेल पर देश की निर्भरता को कम करना है.
क्या होता है E100 फ्यूल
E100 एक हाई-एथेनॉल फ्यूल है, जिसमें लगभग 100 फीसदी एथेनॉल होता है. इसे केवल उन वाहनों में इस्तेमाल किया जा सकता है, जो फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक से लैस हों. ऐसे वाहन पेट्रोल, एथेनॉल या दोनों के मिश्रण पर चल सकते हैं. हाल ही में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने वाहन नियमों में संशोधन करते हुए E85 और E100 जैसे हाई-कंसंट्रेशन एथेनॉल फ्यूल को कानूनी मान्यता दी है. इसके बाद वाहन कंपनियों के लिए फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल लॉन्च करने का रास्ता साफ हो गया है.
ब्राजील से क्या है अंतर
फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के मामले में ब्राजील दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे परिपक्व बाजार माना जाता है. वहां एथेनॉल की कीमत पेट्रोल की तुलना में काफी कम है, जिससे वाहन चालकों को स्पष्ट आर्थिक लाभ मिलता है. ब्राजील में एथेनॉल और पेट्रोल की कीमत का अनुपात लगभग 64.5 फीसदी है. वहीं, भारत में प्रस्तावित E100 कीमत के आधार पर यह अनुपात करीब 80 से 85 फीसदी रहने की संभावना है.
2024 में शुरू हुआ था पायलट प्रोजेक्ट
Indian Oil Corporation ने वर्ष 2024 में E100 फ्यूल की पायलट शुरुआत की थी. शुरुआत में इसे 183 रिटेल आउटलेट्स पर उपलब्ध कराया गया था. बाद में इसका नेटवर्क बढ़ाकर लगभग 400 आउटलेट्स तक कर दिया गया. हालांकि, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की अनुपलब्धता और स्पष्ट मूल्य निर्धारण व्यवस्था नहीं होने के कारण इन आउटलेट्स का उपयोग सीमित रहा. अब सरकार की नई मूल्य निर्धारण योजना के बाद इस स्थिति में बदलाव आने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: IPO मार्केट में लौटी रौनक! पहले ही दिन ही पूरा सब्सक्राइब हुआ CMR Green; GMP दे रहा 33% लिस्टिंग गेन के संकेत
Latest Stories
1.30 लाख रुपये में लॉन्च हुई नई Bajaj Avenger 220 Street, जानें कीमत, फीचर्स और क्या है खास
Honda Cars India की बिक्री में जोरदार उछाल, मई में 31 फीसदी बढ़ी टोटल सेल्स; जानें डिटेल
मई में ऑटो बिक्री में जबरदस्त उछाल, मारुति ने बनाया रिकॉर्ड, Hyundai, Mahindra और Toyota की सेल्स में भी इजाफा
