TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

तत्काल या प्रीमियम तत्काल? आखिर क्या है दोनों में फर्क, किसमें है टिकट मिलने के ज्यादा चांस

भारतीय रेलवे की तत्काल और प्रीमियम तत्काल सुविधाएं आखिरी समय में टिकट बुक करने का मौका देती हैं. तत्काल में अतिरिक्त शुल्क तय नियमों के अनुसार लगता है, जबकि प्रीमियम तत्काल में मांग बढ़ने पर किराया भी बढ़ता है. प्रीमियम तत्काल आमतौर पर महंगा होता है और चुनिंदा ट्रेनों में उपलब्ध रहता है.

रेलवे टिकट Image Credit: money9live

Difference Between Tatkal or Premium Tatkal Ticket: कई बार अचानक यात्रा की जरूरत पड़ जाती है और नियमित कोटे में टिकट नहीं मिल पाता. ऐसे समय में भारतीय रेलवे यात्रियों को Tatkal और Premium Tatkal जैसी सुविधाएं देता है. दोनों ही विकल्प आखिरी समय में टिकट बुक कराने के लिए बनाए गए हैं, लेकिन इनके किराए, उपलब्धता और नियमों में काफी अंतर होता है. ऐसे में टिकट बुक करने से पहले यह जानना जरूरी है कि दोनों में फर्क क्या है और आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर रहेगा.

क्या होता है Tatkal टिकट?

तत्काल योजना उन यात्रियों के लिए है जिन्हें कम समय में यात्रा करनी होती है. इस कोटे के तहत ट्रेन खुलने से एक दिन पहले टिकट बुक किया जा सकता है. एसी क्लास के लिए बुकिंग सुबह 10 बजे और नॉन-एसी क्लास के लिए सुबह 11 बजे शुरू होती है.

Tatkal टिकट का किराया सामान्य टिकट से ज्यादा होता है, लेकिन यह शुल्क पहले से तय सीमा के भीतर रहता है. तत्काल कोटा भरने के बाद इस श्रेणी में टिकट मिलना बंद हो जाता है.

क्या है Premium Tatkal?

Premium Tatkal, Tatkal का ही एडवांस वर्जन माना जाता है. इसे खास तौर पर उन यात्रियों के लिए शुरू किया गया था जिन्हें आखिरी समय में भी कन्फर्म टिकट चाहिए और वे इसके लिए ज्यादा पैसा देने को तैयार हैं.

प्रीमियम तत्काल में टिकट का किराया मांग के अनुसार बढ़ता जाता है यानी जैसे-जैसे सीटें भरती हैं, वैसे-वैसे टिकट महंगा होता जाता है. यही वजह है कि Premium Tatkal टिकट अक्सर सामान्य Tatkal टिकट से काफी महंगा पड़ सकता है.

Tatkal और Premium Tatkal में सबसे बड़ा अंतर

दोनों योजनाओं के बीच सबसे बड़ा अंतर किराए का है. Tatkal में अतिरिक्त शुल्क तय नियमों के अनुसार लिया जाता है, जबकि Premium Tatkal में डायनेमिक प्राइसिंग लागू होती है. मांग बढ़ने पर किराया भी तेजी से बढ़ सकता है.

इसके अलावा Tatkal सुविधा अधिकांश ट्रेनों में उपलब्ध होती है, जबकि Premium Tatkal केवल चुनिंदा ट्रेनों और खासकर एसी श्रेणियों में ही मिलता है. प्रीमियम तत्काल का कोटा भी अपेक्षाकृत कम होता है.

किसमें है टिकट मिलने की ज्यादा संभावना?

Premium Tatkal को खास तौर पर आखिरी समय में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बनाया गया है. हालांकि रेलवे यह गारंटी नहीं देता कि Premium Tatkal में टिकट जरूर मिलेगा, लेकिन आमतौर पर इसकी सीटें अलग कोटे में होती हैं और कई बार Tatkal कोटा भर जाने के बाद भी Premium Tatkal में सीटें उपलब्ध मिल जाती हैं. वहीं Tatkal में भारी मांग के कारण टिकट कुछ ही मिनटों में खत्म हो जाते हैं. ऐसे में जो यात्री ज्यादा किराया चुकाने को तैयार हैं, उनके लिए Premium Tatkal में कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना अपेक्षाकृत बेहतर हो सकती है. हालांकि यह पूरी तरह सीटों की उपलब्धता और मांग पर निर्भर करता है.

इसे भी पढ़ें- FASTag को लेकर लाखों वाहन मालिकों में कन्फ्यूजन! क्या एक टैग से चला सकते हैं दो गाड़ियां? जानें क्या कहता है नियम