AC का आउटडोर यूनिट कहां लगाना है सही? छत, दीवार या जमीन… जानें सबसे बेहतर जगह

एसी की बेहतर परफॉर्मेंस के लिए आउटडोर यूनिट की सही लोकेशन चुनना बेहद जरूरी है. आमतौर पर दीवार पर ऊंचाई में लगाई गई यूनिट सबसे बेहतर मानी जाती है. वहीं छत और जमीन पर इंस्टॉलेशन के अपने फायदे और नुकसान हैं. सही जगह पर लगाया गया आउटडोर यूनिट आपके एसी की कूलिंग बढ़ाने के साथ-साथ बिजली बिल भी कम रखने में मदद कर सकता है.

एसी Image Credit: money9live

गर्मी बढ़ते ही घरों और दफ्तरों में एयर कंडीशनर (AC) की मांग तेजी से बढ़ जाती है. ज्यादातर लोग एसी खरीदते समय उसकी क्षमता, बिजली खपत और कीमत पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन आउटडोर यूनिट कहां लगानी है, इस पर कम ही सोचते हैं. जबकि एसी की कूलिंग, बिजली की खपत और मशीन की उम्र काफी हद तक आउटडोर यूनिट की लोकेशन पर निर्भर करती है.

आउटडोर यूनिट की भूमिका क्यों है अहम?

एसी का आउटडोर यूनिट कमरे के अंदर की गर्मी को बाहर निकालने का काम करता है. यदि इसे ऐसी जगह लगाया जाए जहां हवा का पर्याप्त प्रवाह न हो, तो यूनिट को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इसका सीधा असर कूलिंग और बिजली बिल दोनों पर पड़ता है.

छत पर लगाने के क्या हैं फायदे और नुकसान?

कई लोग जगह की कमी के कारण आउटडोर यूनिट को छत पर लगवा देते हैं. हालांकि वहां पर्याप्त खुली जगह मिल जाती है, लेकिन तेज धूप के कारण यूनिट ज्यादा गर्म हो सकती है. लगातार धूप पड़ने से उसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है और बिजली की खपत भी बढ़ सकती है. यदि छत पर यूनिट लगानी ही हो, तो उसके ऊपर शेड लगाना बेहतर माना जाता है.

जमीन पर लगाने से बढ़ सकता है जोखिम

कुछ घरों में आउटडोर यूनिट जमीन पर भी रखी जाती है. यह तरीका आसान जरूर लगता है, लेकिन इसमें कई जोखिम होते हैं. जमीन के करीब होने के कारण यूनिट में धूल ज्यादा जमा होती है. बारिश के दौरान पानी भरने का खतरा भी रहता है. इसके अलावा बच्चों, पालतू जानवरों या अन्य गतिविधियों से यूनिट को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है.

दीवार पर लगाना माना जाता है बेहतर विकल्प

आउटडोर यूनिट को दीवार पर उचित ऊंचाई पर लगाना सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है. इससे यूनिट के चारों तरफ हवा आसानी से घूमती रहती है और गर्मी तेजी से बाहर निकलती है. साथ ही, यह धूल और पानी से भी अपेाकृत सुरक्षित रहती है. रखरखाव और सर्विसिंग के लिए भी दीवार पर लगी यूनिट तक पहुंचना आसान होता है.

इन बातों का भी रखें ध्यान

आउटडोर यूनिट को हमेशा ऐसी जगह लगाएं जहां पर्याप्त वेंटिलेशन हो. यूनिट के आसपास बहुत ज्यादा सामान न रखें और उसे सीधे धूप से बचाने की कोशिश करें. सही इंस्टॉलेशन न सिर्फ एसी की कूलिंग बेहतर बनाता है, बल्कि बिजली की बचत करने और मशीन की उम्र बढ़ाने में भी मदद करता है.

इसे भी पढ़ें- UP के इन जिलों में बिना PUC के नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, 1 अक्टूबर से नए नियम लागू करने की तैयारी