इजरायल-लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर हुए सहमत, ट्रंप ने किया ऐलान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर सहमत हो गए हैं. ट्रंप के अनुसार यह युद्धविराम गुरुवार शाम से लागू होगा. ट्रूथ सोशल पर दी गई जानकारी में उन्होंने कहा कि लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत के बाद यह सहमति बनी है. पिछले एक महीने से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ था.
Israel Lebanon Ceasefire: दुनिया भर में बढ़ते जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच एक बड़ी कूटनीतिक पहल सामने आई है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के युद्धविराम पर सहमति बन गई है. ट्रंप के अनुसार यह सीजफायर गुरुवार शाम 5 बजे ईस्टर्न स्टैंडर्ड टाइम से लागू होगा. इस घोषणा को क्षेत्रीय शांति प्रयासों के लिहाज से अहम माना जा रहा है. दोनों देशों के बीच संघर्ष पिछले कई दिनों से जारी था, ऐसे में इसे शांति की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
ट्रूथ सोशल पर दी जानकारी
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह समझौता लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ “बेहतरीन बातचीत” के बाद संभव हुआ है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए अमेरिका सक्रिय रूप से काम कर रहा है.

एक महीने से ज्यादा समय से जारी था संघर्ष
इजरायल और लेबनान के बीच संघर्ष पिछले एक महीने से ज्यादा समय से बढ़ा हुआ था. इस दौरान इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष तेज हो गया था, जिससे सीमा क्षेत्रों में हालात गंभीर बने हुए थे. लगातार हमलों, जवाबी कार्रवाई और सुरक्षा चिंताओं ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी थी. हाल ही में वॉशिंगटन में इजरायल और लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच दशकों बाद पहली सीधी शांति वार्ता हुई थी. माना जा रहा है कि इसी बातचीत के बाद युद्धविराम का रास्ता साफ हुआ.
स्थायी शांति की कोशिश में अमेरिका
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इजरायल और लेबनान के साथ मिलकर स्थायी शांति समझौते की दिशा में काम करें. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्ष अब युद्ध नहीं, शांति चाहते हैं. ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया है. उनका कहना है कि 1983 के बाद यह दोनों देशों के बीच पहली सार्थक बातचीत हो सकती है.
ट्रंप का बड़ा दावा
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अब तक उन्होंने दुनिया भर में नौ युद्धों को शांत कराने में भूमिका निभाई है और इजरायल-लेबनान संघर्ष उनका “दसवां बड़ा शांति प्रयास” होगा. इजरायल-लेबनान सीजफायर की घोषणा ऐसे समय आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच भी शांति वार्ताएं चल रही हैं. इस क्षेत्र में जारी व्यापक तनाव और अलग-अलग मोर्चों पर संघर्ष को देखते हुए यह युद्धविराम फिलहाल राहत की खबर माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: समृद्धि एक्सप्रेसवे की रफ्तार से बढ़ी कमाई, अब तक ₹2,660 करोड़ का टोल कलेक्शन; 1.55 करोड़ गाड़ियों ने किया सफर
Latest Stories
SCO समिट में PM मोदी ने पाक पर साधा निशाना, आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की मांग; डबल स्टैंडर्ड पर चेताया
Anthropic vs Pentagon: AI कंपनी की बड़ी कानूनी जीत, कोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार
US-Iran War: ईरान क्यों जा रहे कतर के प्रधानमंत्री, क्या रुक जाएगा युद्ध?
