ट्रंप का बड़ा दावा! ईरान कभी नहीं बनाएगा परमाणु हथियार, जताई सहमति; बातचीत सही दिशा में
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाएगा और दोनों देशों के बीच बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है. हालांकि ईरान ने इस दावे से इनकार किया है, जिससे स्थिति अब भी अनिश्चित बनी हुई है. मिडिल ईस्ट तनाव के बीच अमेरिका डील की कोशिश में है, जबकि क्षेत्र में भू-राजनीतिक जोखिम बरकरार है.
Trump in talks with Iran: पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए अब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जुट गए हैं. यही वजह है कि उनका रुख पहले से नरम पड़ा है. उन्होंने ईरान को लेकर एक और बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि ईरान अब समझदारी की बात कर रहा है और उसने सहमति जताई है कि वह कभी परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा.
व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है और इसमें सकारात्मक प्रगति हो रही है. उन्होंने कहा कि ईरान हमसे बात कर रहा है और सही दिशा में बातचीत आगे बढ़ रही है. सबसे अहम बात यह है कि वे परमाणु हथियार नहीं बना सकते और उन्होंने इस बात पर सहमति जताई है. हालांकि, ईरानी अधिकारियों की ओर से इस तरह की किसी सहमति से इनकार किया गया है.
तेहरान पर सख्त बयान
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका की पकड़ मजबूत है और वे तेहरान के ऊपर पूरी तरह सक्रिय हैं और जो चाहें कर सकते हैं. हालांकि उन्होंने इस बात का कोई स्पष्ट विवरण नहीं दिया कि आगे बातचीत कैसे आगे बढ़ेगी या अगली बैठक कब होगी.
डील को लेकर उत्सुक ईरान
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के नेता समझौता करने के लिए बेहद इच्छुक हैं. वे डील करना चाहते हैं. खास बात यह है कि आप जितना सोच भी नहीं सकते उससे ज्यादा वे इसके लिए तैयार है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका सही लोगों से बातचीत कर रहा है और बातचीत का रास्ता खुला हुआ है.
टीम में कौन-कौन शामिल?
ट्रंप ने बताया कि बातचीत में JD Vance, Marco Rubio, Steve Witkoff और Jared Kushner जैसे नेता शामिल हैं. यह बातचीत ऐसे समय में हो रही है, जब मिडिल ईस्ट में तनाव अभी भी चरम पर है. इससे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर टेशन बढ़ गई है, जिससे वैश्विक एनर्जी संकट खड़ा हो रहा है. इन्हीं सबसे निपटने के लिए अमेरिका पहल कर रहा है. हालांकि ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि अमेरिका का उस पर किया गया हमला सही नहीं है और वो अपने बचाव के लिए लगातार जवाब देता रहेगा.
यह भी पढ़ें: ईरान को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- बातचीत फेल हुई तो जारी रहेगी बमबारी; ‘रेजीम चेंज’ के भी दिए संकेत
गल्फ देशों की तारीफ
ट्रंप ने इस दौरान गल्फ देशों जैसे-सऊदी अरब, यूएई और कतर की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने ईरान के खिलाफ हालात को संभालने में बेहतरीन काम किया है, जबकि इन देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा बना हुआ है.
