Gold and Silver Rate today: जंग खत्‍म होने की उम्‍मीद से चमके सोना-चांदी, गोल्‍ड ₹5000 तो सिल्‍वर ₹12000 महंगी, चेक करें लेटेस्‍ट रेट

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद और कमजोर डॉलर के चलते सोना-चांदी में जोरदार तेजी आई है. MCX पर सोना ₹5,500 और चांदी ₹12,000 से ज्यादा उछल गई, जिससे बाजार में नई खरीदारी दिखी. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो बुलियन में आगे भी तेजी बनी रह सकती है.

gold silver price rally Image Credit: money9 live AI image

Gold and Silver Rate today: वैश्विक बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में 25 मार्च, बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. कमजोर डॉलर, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में चल रहे जंग की वजह से बने तनावपूर्ण महौल के खत्‍म होने की उम्मीद ने बुलियन बाजार में नई जान डाल दी. घरेलू बुलियन बाजार के अलावा इंटरनेशनल मार्केट दोनों में सोना-चांदी आज जमकर उछले.

MCX पर चांदी करीब 5.5 फीसदी यानी 12,000 रुपये से ज्यादा उछलकर 2,36,000 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई. वहीं सोना करीब 4 फीसदी यानी 5,500 रुपये से ज्यादा बढ़कर 1,44,400 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया.

ग्लोबल मार्केट में तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 2 से 2.5 फीसदी उछलकर 4,568 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया. वहीं यूएस गोल्ड फ्यूचर्स में भी 3 से 4 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. चांदी भी पीछे नहीं रही और स्पॉट सिल्वर 3.5 से 3.8 फीसदी उछलकर 73 डॉलर प्रति औंस के ऊपर पहुंच गई.

रिटेल में कहां पहुंची कीमत?

बुलियन वेबसाइट के मुताबिक सोना 5510 रुपये चढ़कर 144,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया. वहीं चांदी 12010 रुपये उछलकर 236,750 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है.

डॉलर और कच्चे तेल ने दिया सपोर्ट

डॉलर में कमजोरी आने से अन्य करेंसी रखने वाले निवेशकों के लिए सोना-चांदी सस्ता हो गया, जिससे मांग बढ़ी. वहीं कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई, जिससे महंगाई को लेकर चिंता कम हुई. इसके पीछे अमेरिका की ओर से ईरान के साथ समझौते की कोशिशों को बड़ा कारण माना जा रहा है.

तेजी जारी रहने की उम्‍मीद

हाल के दिनों में युद्ध और महंगाई के डर से दबाव में रहे बुलियन में अब निवेशकों का रुख बदलता दिख रहा है. ट्रेडर्स अब धीरे-धीरे अपने पुराने पोजीशन को एडजस्ट कर रहे हैं और बाजार में नई खरीदारी देखने को मिल रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव कम होता है और डॉलर कमजोर बना रहता है, तो सोना-चांदी में यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है.