बाइक और स्कूटर खरीदना हुआ महंगा, Bajaj Auto और Ather ने बढ़ाए दाम, कच्चे माल की कीमतें बनी वजह
वैश्विक हालात का असर अब आम लोगों के खर्च पर दिखने लगा है. कच्चे माल की कीमतों में तेजी के चलते वाहन कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा रही हैं. इससे आने वाले समय में खरीदारी के फैसले भी प्रभावित हो सकते हैं.
बाइक खरीदने की सोच रहे हैं या स्कूटर लेने का प्लान है, तो अब आपको थोड़ा ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है. वजह साफ है, पश्चिम एशिया संकट से कच्चे माल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं और कंपनियां अब इसका बोझ ग्राहकों पर डालने लगी हैं.
कंपनियों ने बढ़ाए दाम
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, बजाज ऑटो और एथर एनर्जी जैसी कंपनियों ने अपने कई वाहनों की कीमतें बढ़ा दी हैं. बजाज ऑटो ने मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर की कीमतों में ₹700 से ₹6,000 तक का इजाफा किया है.
रिपोर्ट में कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राकेश शर्मा के हवाले से बताया गया है कि बढ़ती लागत की वजह से कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है, और यह बढ़ोतरी इलेक्ट्रिक स्कूटर तक में भी लागू होगी.
क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?
असल वजह कच्चे माल की बढ़ती कीमतें हैं. स्टील, एल्यूमिनियम और कॉपर जैसे धातु वाहन बनाने में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होते हैं, और ये कुल लागत का बड़ा हिस्सा होते हैं.
पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे धातुओं और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की कीमतें बढ़ गई हैं. कई मामलों में कच्चे माल की कीमतों में 30% से लेकर 60% तक उछाल देखा गया है.
ऑटो सेक्टर पर बढ़ता दबाव
भारत का ऑटो सेक्टर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा है और यह देश की अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभाता है. लेकिन यही सेक्टर अब बढ़ती लागत और महंगे ईंधन के दबाव में आ गया है.
यह भी पढ़ें: Suzuki ने लॉन्च किया नया Burgman Street 2026, TFT डिस्प्ले और कीलेस फीचर्स से लैस; जानें कीमत
विशेषज्ञ मानते हैं कि कंपनियां पूरी लागत खुद नहीं उठा सकतीं, इसलिए धीरे-धीरे कीमतें बढ़ाना ही एकमात्र विकल्प बचता है. यही वजह है कि आने वाले महीनों में और कंपनियां भी दाम बढ़ा सकती हैं.
ऐसे में एंट्री-लेवल बाइक और स्कूटर खरीदना थोड़ा महंगा हो जाएगा. इससे डिमांड पर भी असर पड़ सकता है, खासकर उन ग्राहकों पर जो बजट से बंधे होते हैं.
Latest Stories
NHAI का FASTag जारी करने वाले बैंकों को आदेश, कहा- वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबरों को तुरंत करें वेरिफाई
मारुति कारों पर बंपर छूट! ₹2.15 लाख तक सस्ती हुई Invicto, Baleno, Grand Vitara, जानें पूरा ऑफर
कार खरीदने वालों के लिए अलर्ट, जल्द महंगी हो सकती हैं गाड़ियां! पश्चिम एशिया तनाव का दिख रहा असर
