2001 में लॉन्च हुई थी ये बाइक, आज 2 करोड़ से ज्यादा लोग बन चुके हैं दीवाने

Bajaj Pulsar ने 2001 में भारतीय बाइक बाजार में कदम रखा था. युवाओं को दमदार परफॉर्मेंस और स्पोर्टी डिजाइन देने के मकसद से बनी Pulsar ने धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाई और आज करोड़ों ग्राहकों के साथ बड़ा ब्रांड बन चुकी है.

Bajaj Pulsar

Highlights

  • 2001 में लॉन्च Pulsar ने युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई
  • स्पोर्टी डिजाइन और दमदार परफॉर्मेंस बनी बाइक की सबसे बड़ी खासियत
  • Pulsar ने 25 वर्षों में करोड़ों ग्राहकों का भरोसा जीता है

भारतीय बाइक बाजार में कुछ नाम ऐसे हैं, जिन्होंने सिर्फ बिक्री के आंकड़े नहीं बदले, बल्कि लोगों के बाइक देखने और चलाने का नजरिया भी बदल दिया. Bajaj Pulsar ऐसा ही एक नाम है. साल 2001 में जब भारत में ज्यादातर मोटरसाइकिलों को रोजमर्रा की आवाजाही का साधन माना जाता था, तब Pulsar को युवाओं के लिए कुछ अलग और रोमांचक देने के मकसद से उतारा गया था.

2001 में हुई Pulsar की एंट्री

Bajaj Auto ने नवंबर 2001 में Pulsar को पहली बार दो मॉडल- 150cc और 180cc में लॉन्च किया था. कंपनी के 2001-02 के वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, बाइक को मस्कुलर डिजाइन और बेहतर परफॉर्मेंस के साथ पेश किया गया था. खास बात यह थी कि Pulsar को कंपनी के इंजीनियरों ने करीब 30 महीने में कॉन्सेप्ट से लेकर डेवलप और कमर्शियल प्रोडक्शन तक पहुंचाया था.

उस समय भारतीय बाजार में 100cc मोटरसाइकिलों का दबदबा था. ऐसे में Pulsar ने युवाओं को ज्यादा पावर, स्पोर्टी डिजाइन और अलग पहचान का विकल्प दिया. यही वजह रही कि बाइक ने जल्द ही युवाओं के बीच अपनी खास जगह बना ली.

Pulsar ने बदली स्पोर्ट्स बाइक की तस्वीर

Pulsar की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ इसका इंजन नहीं, बल्कि इसका डिजाइन और रोड प्रेजेंस था. मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्पोर्टी लुक और दमदार आवाज ने इसे बाकी कम्यूटर बाइक्स से अलग पहचान दी. इसके बाद Bajaj ने समय के साथ इसमें नई तकनीक और ज्यादा परफॉर्मेंस जोड़ना जारी रखा.

2003 में Pulsar में DTS-i तकनीक लाई गई. कंपनी के मुताबिक, डुअल-स्पार्क इग्निशन तकनीक का मकसद बेहतर और तेज दहन के साथ पावर और फ्यूल एफिशिएंसी में सुधार करना था.

2 करोड़ से ज्यादा बिक्री का आंकड़ा

Pulsar की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2025 में इस ब्रांड ने दुनिया भर में 2 करोड़ यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया था. कंपनी के अनुसार, पहली 1 करोड़ बाइक्स बेचने में 17 साल लगे, जबकि अगली 1 करोड़ यूनिट महज छह साल में बिक गईं.

25 साल बाद भी जारी है सफर

2026 में Pulsar ने अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं. Bajaj Auto के मुताबिक, अब तक दुनिया के 40 से ज्यादा देशों में 2 करोड़ से अधिक Pulsar बिक चुकी हैं. ब्रांड अब 125cc से लेकर 350cc तक के मॉडल के साथ मौजूद है.

यानी जिस Pulsar को कभी युवा भारतीयों के लिए कुछ ‘सनसनीखेज’ देने के इरादे से बनाया गया था, वह आज भारतीय मोटरसाइकिल इतिहास का एक बड़ा ब्रांड बन चुकी है.

यह भी पढ़ें- EV सेगमेंट में Tata की जबरदस्त मांग, 6 महीने में 3 गुना बढ़ी इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बुकिंग