गर्मी में फेल नहीं होगा कार का AC, सर्विस के दौरान इन 3 बातों का रखें ध्यान
गर्मी में कार AC की कूलिंग बेहतर बनाए रखने के लिए सही सर्विस प्रोसेस बेहद जरूरी है. पुरानी गैस पूरी तरह निकलवाना, 30 से 45 मिनट का वैक्यूम कराना और 50 एमएल कंप्रेसर ऑयल डलवाना तीन अहम स्टेप्स हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. अधूरी सर्विस से गैस लीक, कम कूलिंग और कंप्रेसर खराब होने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
Car AC service tips: गर्मी की शुरुआत हो गई है और धीरे-धीरे तापमान बढ़ना शुरू हो गया है. गर्मी शुरू होते ही कार का AC सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने लगता है. अगर सर्विस सही तरीके से न कराई जाए, तो कूलिंग कम होना, कंप्रेसर खराब होना या बार-बार गैस लीक जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. इसलिए AC सर्विस के दौरान कुछ जरूरी स्टेप्स पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है. तो चलिए आपको बताते हैं उन तीन स्टेप्स के बारे में, जिन पर आपको खास ध्यान रखना चाहिए.
पुरानी गैस पूरी तरह निकलवाएं
सबसे पहले AC सिस्टम में मौजूद पुरानी गैस को पूरी तरह बाहर निकलवाएं. इससे यह साफ पता चल जाता है कि सिस्टम में वास्तव में कितनी गैस बची थी. इसका फायदा यह है कि नई गैस की सटीक मात्रा भरी जाती है और अनावश्यक टॉप-अप के नाम पर अतिरिक्त पैसे नहीं देने पड़ते. अधूरी गैस निकालकर नई गैस भरना सही तरीका नहीं है.
30 से 45 मिनट का वैक्यूम जरूर कराएं
गैस भरने से पहले वैक्यूम करना AC सर्विस का सबसे अहम चरण है. वैक्यूम प्रक्रिया से पाइपलाइन और सिस्टम के अंदर मौजूद नमी और गंदी हवा पूरी तरह बाहर निकल जाती है. अगर नमी अंदर रह जाती है, तो नई गैस भरने के बाद भी कूलिंग कम मिलेगी और सिस्टम में चोकिंग की समस्या आ सकती है. इसलिए कम से कम 30 से 45 मिनट तक वैक्यूम कराना सुनिश्चित करें.
50 एमएल कंप्रेसर ऑयल जरूर डलवाएं
AC कंप्रेसर सिस्टम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है. गैस भरते समय लगभग 50 एमएल कंप्रेसर ऑयल जरूर डलवाएं. यह ऑयल कंप्रेसर के अंदरूनी हिस्सों में चिकनाई बनाए रखता है, घर्षण कम करता है और कंप्रेसर की उम्र बढ़ाने में मदद करता है.
ऑयल की अनदेखी करने से भविष्य में महंगी मरम्मत का सामना करना पड़ सकता है. इन तीन बातों का ध्यान रखकर आप अपनी कार के AC की कूलिंग बेहतर रख सकते हैं और अनावश्यक खर्च से भी बच सकते हैं. नियमित सर्विस और सही प्रक्रिया ही AC सिस्टम को लंबे समय तक फिट रखती है.
यह भी पढ़ें: Renault India की बिक्री में 31 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी, Kiger और Triber की मांग से मिला बड़ा बूस्ट
