नई टेक्नोलॉजी और प्रीमियम लुक के साथ लौटेंगी ये कारें! Honda, Tata और Maruti की बड़ी तैयारी; जल्द आएगा फेसलिफ्ट वर्जन

भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में जल्द बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है. Honda, Tata Motors और Maruti Suzuki अपनी लोकप्रिय कारों Honda City, Tata Tiago और Brezza के फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में हैं. नई कारों में प्रीमियम डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी, बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम, ADAS फीचर्स और बेहतर कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है.

फेसलिफ्ट कार Image Credit: AI/CANVA

Upcoming Facelift Cars: भारत का ऑटोमोबाइल बाजार आने वाले दिनों में एक बार फिर नई हलचल देखने वाला है. देश की तीन बड़ी कार कंपनियां Honda, Tata Motors और Maruti Suzuki अपनी लोकप्रिय कारों के फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में हैं. इनमें Honda City, Tata Tiago और Maruti Suzuki Brezza शामिल हैं. बढ़ती प्रतिस्पर्धा, ग्राहकों की बदलती पसंद और नए फीचर्स की मांग के बीच कंपनियां अपने पुराने मॉडलों को नए डिजाइन, बेहतर टेक्नोलॉजी और अपडेटेड फीचर्स के साथ बाजार में उतार रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Honda City फेसलिफ्ट 22 मई को लॉन्च की जाएगी, जबकि Tata Tiago फेसलिफ्ट 28 मई को बाजार में एंट्री कर सकती है. वहीं, Maruti Suzuki Brezza फेसलिफ्ट को जून 2026 के पहले हिस्से में लॉन्च किए जाने की संभावना है.

Honda City फेसलिफ्ट में क्या होगा खास

Honda City लंबे समय से भारतीय सेडान बाजार की सबसे लोकप्रिय कारों में शामिल रही है. मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, अब कंपनी इसका फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च करने जा रही है. माना जा रहा है कि नई City में फ्रंट ग्रिल, बंपर और LED लाइटिंग सेटअप में बदलाव देखने को मिल सकता है.

इसके अलावा, कार के इंटीरियर में भी नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं. बड़ी टचस्क्रीन, अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस कनेक्टिविटी और बेहतर सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इंजन विकल्पों में बड़े बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है. कंपनी मौजूदा पेट्रोल और Hybrid पावरट्रेन को ही जारी रख सकती है.

Tata Tiago फेसलिफ्ट पर क्यों है नजर

Tata Motors अपनी एंट्री-लेवल हैचबैक Tiago को भी नए अवतार में लाने की तैयारी कर रही है. Tiago फेसलिफ्ट में बाहरी डिजाइन और केबिन, दोनों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, कार में नया फ्रंट डिजाइन, अपडेटेड हेडलैंप और नए अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं.

इंटीरियर में बड़ा टचस्क्रीन डिस्प्ले, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और नए कनेक्टेड फीचर्स जोड़े जाने की संभावना है. Tiago पहले से ही पेट्रोल और CNG विकल्पों में उपलब्ध है. माना जा रहा है कि कंपनी इन दोनों विकल्पों को फेसलिफ्ट मॉडल में भी जारी रखेगी.

Brezza फेसलिफ्ट से बढ़ेगी SUV बाजार में टक्कर

Maruti Suzuki Brezza भारतीय कॉम्पैक्ट SUV बाजार की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ियों में शामिल है. अब कंपनी इसका फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है, जिससे Hyundai Venue, Tata Nexon और Kia Sonet जैसी SUV को कड़ी चुनौती मिल सकती है. नई Brezza में एक्सटीरियर डिजाइन को और ज्यादा प्रीमियम बनाने की कोशिश की जा सकती है.

इसके अलावा, ADAS फीचर्स, बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम और बेहतर कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है. मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि SUV सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए Maruti Suzuki इस बार फीचर्स और टेक्नोलॉजी पर ज्यादा फोकस कर सकती है.

यह भी पढ़ें: उधर PM मोदी ने दी मेलोनी को ‘मेलोडी’…इधर Parle Industries में लगा अपर सर्किट, पर नहीं कोई कनेक्शन