ऑटोमोबाइल सेक्टर में नई एंट्री की तैयारी, JSW Motors ने जारी किया पहली SUV का टीजर; दिवाली तक लॉन्च होने की संभावना

JSW Motors ने भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर में एंट्री की तैयारी तेज कर दी है और कंपनी ने अपनी पहली SUV का टीजर जारी कर दिया है. यह SUV दिवाली 2026 के आसपास भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है और इसे महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर प्लांट में असेंबल किया जाएगा. लॉन्च से पहले JSW Motors देशभर में डीलरशिप नेटवर्क मजबूत करने पर भी काम कर रही है.

JSW T2 का टीजर जारी Image Credit: tv9 bharatvarsh

JSW Motors first SUV: भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर में एक नया नाम बड़ी एंट्री की तैयारी में है. JSW Motors ने अपनी पहली SUV का टीजर जारी कर दिया है, जिससे यह साफ हो गया है कि कंपनी पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में कदम रखने जा रही है. माना जा रहा है कि यह SUV दिवाली 2026 के आसपास भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है. इस मॉडल को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित प्लांट में असेंबल किया जाएगा. इसके साथ ही कंपनी देशभर में डीलरशिप नेटवर्क तैयार कर रही है, ताकि लॉन्च के समय मजबूत रिटेल मौजूदगी सुनिश्चित की जा सके.

Chery Jetour T2 पर आधारित होगी नई SUV

JSW Motors की यह पहली SUV ग्लोबल मॉडल Chery Jetour T2 पर आधारित मानी जा रही है. यह SUV Chery के Kunlun मोनोकोक प्लेटफॉर्म पर बनी है. साइज की बात करें तो इसकी लंबाई करीब 4.8 मीटर, चौड़ाई 2 मीटर से ज्यादा और ऊंचाई लगभग 1.9 मीटर है. 2800 एमएम का व्हीलबेस केबिन में बेहतर लेगरूम और कंफर्ट देता है, जिससे यह फैमिली और लॉन्ग ड्राइव दोनों के लिए उपयुक्त बनती है.

ऑफ-रोड क्षमता और दमदार पावरट्रेन

यह SUV सिर्फ सिटी ड्राइव तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मजबूत ऑफ-रोड कैपेबिलिटी भी दी गई है. इसमें 220 एमएम का ग्राउंड क्लीयरेंस, 39 डिग्री का अप्रोच एंगल और 30 डिग्री का डिपार्चर एंगल मिलता है. इंटरनेशनल मार्केट में यह 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ आती है, जो 250 एचपी से ज्यादा पावर और करीब 390 एनएम टॉर्क जनरेट करता है.

इसके साथ BorgWarner का इंटेलिजेंट ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम भी मिलता है. भारत में कंपनी 1.5 लीटर प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन पर फोकस कर सकती है, जिसकी ईवी-ओनली रेंज 139 किलोमीटर तक बताई जा रही है.

प्रीमियम फीचर्स और एडवांस सेफ्टी पर जोर

SUV का केबिन प्रीमियम फीचर्स से लैस होने की उम्मीद है. इसमें 15.6 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट डिस्प्ले, 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और Qualcomm Snapdragon 8155 प्रोसेसर मिल सकता है. इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, एंबिएंट लाइटिंग और 12-स्पीकर Sony ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं. सेफ्टी के लिए लेवल 2 ADAS, एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल और 540 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स शामिल होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: एक अप्रैल से RON 95 वाला पेट्रोल जरूरी, जानें क्या होता है, और आपकी कार-बाइक की इंजन पर कैसे डालेगा असर