LPG Cylinder: लगातार दूसरे महीने घटे कमर्शियल सिलेंडर के दाम, घरेलू उपभोक्ताओं को नहीं मिली राहत!

आज (1 अगस्त 2026) से Commercial LPG Cyliner 209 रुपए सस्ता हो गया है. हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है. इसके अलावा, 4 रिफिल की सीमा पूरी कर चुके उज्ज्वला लाभार्थियों को भी सब्सिडी नहीं मिलेगी जिससे उन्हें सिलेंडर 300 रुपए महंगा मिलेगा.

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर

Highlights

  • LPG Cylinder के नए रेट हुए जारी.
  • कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 209 रुपए कम हुई.
  • दिल्ली में 2 महीनों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 385.50 रुपए कम हुई.

Commercial LPG Price: 1 अगस्त 2026 यानी आज से LPG Cylinder के नए रेट जारी किए गए हैं, कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 209 रुपए कम हो गई है लेकिन घरेलू ग्राहकों को फिलहाल कोई राहत नहीं दी गई है. 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत में किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है. कुछ उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए आज (1 अगस्त) से प्रति सिलेंडर रसोई गैस 300 रुपए महंगी पड़ेगी.

Commercial LPG Cylinder Price

लेटेस्ट रेट्स के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 202 रुपए घट गई है. वहीं, कोलकाता में कीमत 209 रुपए कम हो गई है जिसके बाद अब कोलकाता में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर का दाम 2872.50 रुपए है. पटना में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3227 रुपए से कम होकर 3018 रुपए हो गई है. लखनऊ की बात करें तो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3052.5 रुपए से कम होकर अब 2860.5 रुपए हो गई है.

याद दिला दें कि 1 जुलाई 2026 को भी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम काफी कम किए गए थे. लगातार ये दूसरा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कटौती की गई है. दिल्ली में इन दो महीने में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 385.50 रुपए कम हो गई है. जुलाई में कीमत 183.50 रुपए कम हुई और आज 1 अगस्त को एक बार फिर कीमत 202 रुपए कम हुई है.

इन लोगों को 300 रुपए महंगा पड़ेगा सिलेंडर

आप उज्ज्वला लाभार्थी हैं और अगर आपने भी 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक 4 सिलेंडर रिफिल कराए हैं तो आपको अगस्त में सब्सिडी का फायदा नहीं मिलेगा. इसका मतलब ये हुआ कि जिस कीमत में बाकी ग्राहकों को सिलेंडर मिलता है आपको भी सिलेंडर की उतनी ही कीमत चुकानी होगी. सरकार इस फाइनेंशियल ईयर से उज्ज्वला लाभार्थियों को सिर्फ चार सिलेंडर पर 300 रुपए की सब्सिडी दे रही है. पहले ये सब्सिडी 9 सिलेंडर पर दी जाती थी, लेकिन बाद में सरकार ने इस संख्या को 6 कर दिया था.

Domestic Cylinder Prices

  • मुंबई में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर का दाम 941.50 रुपए है.
  • लेह में घरेलू सिलेंडर की कीमत 1196.5 रुपए है.
  • नॉर्थ त्रिपुरा में सिलेंडर की कीमत 1119.50 रुपए है.
  • श्रीनगर में घरेलू एलपीजी की कीमत 1058 रुपए है.
  • बेंगलुरु में सिलेंडर की कीमत 944.50 रुपए है.
  • चेन्नई में सिलेंडर की कीमत 957.50 रुपए.
  • कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 968 रुपए है.

ये भी पढ़ें- कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने की तैयारी! कैबिनेट ने मंजूर की ‘समुद्र मंथन’ योजना