दिल्ली में महंगी होगी बिजली, 3.3% तक बढ़ेंगे चार्ज; जानें किन पर गिरेगी गाज, किसे मिलेगी राहत
दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं को जल्द महंगी बिजली का झटका लग सकता है. बिजली दरों में 1 से 3.3 फीसदी तक बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर मुख्य रूप से 500 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ेगा. नई दरें 10 जून से लागू हो चुकी हैं और इसका प्रभाव जुलाई में आने वाले बिजली बिलों में दिखाई देगा.

Electricity Bill Rate Hike in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में आम लोगों की जेब पर खर्च का बोझ बढ़ने वाला है. ऐसा इसलिए क्योंकि बिजली के बिल में इजाफा होने वाला है. जून 2026 से बिजली दरों में 1 फीसदी से 3.30 फीसदी तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. हालांकि इसका असर सभी उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा. जिन लोगों की हर महीने बिजली खपत 500 यूनिट से अधिक है, उन्हें आने वाले बिलों में बढ़ी हुई कीमत का असर देखने को मिल सकता है.
500 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने का बढ़ेगा बिल
TV9 भारतवर्ष की एक रिपोर्ट के अनुसार, 0 से 200 यूनिट और 200 से 400 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिलेगी. इन कैटेगरी के उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. वहीं 500 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को जुलाई में मिलने वाले बिलों में बढ़ोतरी का असर दिखाई दे सकता है.
तीनों बिजली कंपनियों के PPAC चार्ज में बढ़ोतरी
दिल्ली विद्युत नियामक आयोग ने राजधानी में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनियों के PPAC (पावर परचेज एडजस्टमेंट कॉस्ट) चार्ज बढ़ाने का फैसला लिया है. इसके तहत BRPL के लिए 17.94 फीसदी, BYPL के लिए 17.43 फीसदी और TPDDL के लिए 16 फीसदी PPAC बढ़ाया गया है. नई दरें 10 जून से लागू हो चुकी हैं और इसका असर अगले बिजली बिलों में नजर आएगा.
व्यापारियों ने जताई चिंता, सीएम को लिखा पत्र
बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर व्यापारिक संगठनों ने चिंता व्यक्त की है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर कहा है कि बढ़ी हुई बिजली दरों से दुकानदारों और फैक्ट्री मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. CTI का कहना है कि इससे दिल्ली में कमर्शियल और औद्योगिक बिजली दरें हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुकाबले 15 से 20 फीसदी तक महंगी हो सकती हैं, जिसके चलते कुछ उद्योग दूसरे राज्यों का रुख कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: सोना और चांदी की कीमतों में उछाल, एक झटके में बढ़ गए इतने दाम; चेक करें आज का रेट