TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

सोने-चांदी की कीमतें हुईं धड़ाम, अभी और गिर सकते हैं भाव

एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी और करेंसी के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी का कहना है कि सोने की कीमत में आगे भी गिरावट देखने को मिल सकती है. अगर कॉमेक्स सोना 2,600 डॉलर से नीचे रहता है और आगामी सत्रों में 2,500 डॉलर के स्तर को छूता है, तो कीमतें 72,000 रुपये तक गिर सकती हैं.

दिल्ली के गोल्ड मार्केट में पिछले दो दिनों से सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट आ रही है. अभी 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,750 रुपये गिरकर 77,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. हालांकि, पहले यह 79,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. इसी तरह चांदी भी 2,700 रुपये गिरकर 91,300 रुपये प्रति किलो पर आ गई है. जबकि पिछले सत्र में यह 94,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी. खास बात यह है कि 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,750 रुपये गिरकर 77,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है. जबकि, सोमवार को यह 79,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी.

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, कमजोर मांग और वैश्विक कारणों से सोने- चांदी की कीमत में गिरावट आई है. खास बात यह है कि कीमत में गिरावट का असर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी पड़ा है. इसके चलते वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने की कीमत 612 रुपये गिरावट के साथ 74,739 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई. हालांकि, डॉलर इंडेक्स में मजबूती दर्ज की गई है. इसके कारण कॉमेक्स पर कीमतें 2,600 डॉलर से नीचे बनी हुई है, जिससे सोने पर दबाव बन रहा है. वहीं, एमसीएक्स में सोना गिरकर 10 अक्टूबर के बाद पहली बार 75,000 रुपये से नीचे आ गया है.

ये भी पढ़ें- 14 महीने के टॉप पर महंगाई – अक्टूबर में बढ़कर 6.21%, सब्जियों ने बिगाड़ा बजट

चांदी की कीमत में भी गिरावट

एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी और करेंसी के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी का कहना है कि सोने की कीमत में आगे भी गिरावट देखने को मिल सकती है. अगर कॉमेक्स सोना 2,600 डॉलर से नीचे रहता है और आगामी सत्रों में 2,500 डॉलर के स्तर को छूता है, तो कीमतें 72,000 रुपये तक गिर सकती हैं. इसी तरह दिसंबर में डिलीवरी के लिए चांदी के कॉन्ट्रैक्ट एमसीएक्स पर 742 रुपये गिरकर 88,440 रुपये प्रति किलो पर आ गए हैं. अगर विदेशी बाजारों की बात करें तो कॉमेक्स सोना वायदा 19.90 डॉलर प्रति औंस गिरकर 2,597.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है.

क्या कहते हैं कमोडिटीज एक्सपर्ट

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी की माने तो राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद गोल्ड की कीमत में गिरावट शुरू हुई है. इससे डॉलर में तेजी आती है. गांधी ने कहा कि इस बीच, ट्रंप की जीत से यूक्रेन और रशिया के बीच जारी जंग पर विराम लगने की संभावना बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि मार्केट पार्टिसिपेंट्स अब बुधवार को जारी होने वाले उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और कई फेडरल रिजर्व सदस्यों के भाषणों सहित अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं.

अबान्स होल्डिंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिंतन मेहता के अनुसार, दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व (फेड) द्वारा केवल 25 आधार अंकों की ब्याज दर में कटौती की संभावना के साथ, डॉलर सूचकांक 4 महीने के उच्च स्तर पर पहुंचने के कारण सोने की कीमतें कमजोर रहीं.

ये भी पढ़ें- Waaree Energies : ऐसे बनें बिजनेस पार्टनर, हो जाएगा महीने के 50 हजार का इंतजाम