सोने की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई बेचैनी! HDFC म्यूचुअल फंड ने गोल्ड ETF में बड़े निवेश पर लगाई रोक

सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी के बीच HDFC Mutual Fund ने अपने Gold ETF और Gold ETF Fund of Fund में बड़े निवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है. 8 जून से ₹25 करोड़ या उससे अधिक के निवेश स्वीकार नहीं किए जाएंगे, जबकि FoF में प्रति PAN मासिक निवेश सीमा ₹10 लाख तय की गई है.

डिजिटल गोल्ड Image Credit: GettyImages

अगर आप सोने की आसमान छूती कीमतों के बीच HDFC म्यूचुअल फंड के जरिए बड़ा निवेश करने की सोच रहे थे, तो आपके लिए एक बेहद जरूरी खबर है. HDFC म्यूचुअल फंड ने अपनी ‘गोल्ड ईटीएफ’ और ‘गोल्ड ईटीएफ फंड ऑफ फंड’ (योजनाओं में एकमुश्त निवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है. फंड हाउस ने इसके पीछे देश की मौजूदा आर्थिक और बाजार स्थितियों का हवाला दिया है. यह नई पाबंदी आगामी 8 जून 2026 से प्रभावी होने जा रही है.

बड़े निवेशकों के लिए रास्ते बंद, जानिए क्या हैं नए नियम

HDFC म्यूचुअल फंड द्वारा जारी बयान के मुताबिक, बाजार के मौजूदा हालातों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. नए नियमों के तहत दोनों स्कीम्स में निवेश की सीमाएं कुछ इस तरह तय की गई हैं:

  • HDFC Gold ETF: सीधे फंड हाउस के जरिए निवेश करने वाले बड़े निवेशकों (Large Investors) के लिए 8 जून 2026 से रास्ते बंद हो जाएंगे. यह पाबंदी ₹25 करोड़ या उससे अधिक के निवेश पर लागू होगी.
  • HDFC Gold ETF Fund of Fund: इस स्कीम में अब कोई भी निवेशक एक कैलेंडर महीने में प्रति पैन (PAN) अधिकतम ₹10 लाख तक ही एकमुश्त (Lump-sum) या स्विच-इन निवेश कर सकेगा. यह नियम 5 जून 2026 की दोपहर 3 बजे के कट-ऑफ टाइम के बाद मिलने वाले सभी आवेदनों पर लागू हो जाएगा.

फंड हाउस ने साफ किया है कि इन प्रतिबंधों के अलावा दोनों योजनाओं के बाकी सभी नियम और शर्तें पहले की तरह ही रहेंगी.

क्यों उठाना पड़ा यह कदम?

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस फैसले के पीछे सरकार का एक हालिया कदम है. केंद्र सरकार ने 13 मई 2026 से सोने और चांदी के आयात (Import) पर प्रभावी टैक्स को दोगुना करते हुए 9.2 फीसदी से बढ़ाकर सीधे 18.4 फीसदी कर दिया है. टैक्स बढ़ने और वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख के कारण घरेलू बाजार में सोने की कीमतें लगातार रिकॉर्ड बना रही हैं.

यह भी पढ़ें: राजेश Exports का गोल्ड साम्राज्य! गैराज से निकला सबसे बड़ा रिफाइनर, 35 साल की मेहनत पर एक चूक पड़ेगी भारी?

सोना ₹1.60 लाख के पार, चांदी लुढ़की

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत ₹700 की उछाल के साथ ₹1,60,300 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई, जो इससे पिछले दिन ₹1,59,600 पर थी. दूसरी ओर, चांदी के मोर्चे पर राहत रही. चांदी की कीमतों में ₹3,800 की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह ₹2,69,500 प्रति किलोग्राम से घटकर ₹2,65,700 प्रति किलोग्राम पर आ गई.