इन ग्राहकों की रुक सकती है गैस बुकिंग सर्विस, एजेंसियों ने बढ़ाई सख्ती; जानें कैसे एक्टिव रखें कनेक्शन
गैस एजेंसियों ने 9 महीने से निष्क्रिय यानी इनएक्टिव कनेक्शनों पर सख्ती शुरू कर दी है. अगर आपने लंबे समय से सिलेंडर बुक नहीं किया है, तो e-KYC पूरा करना जरूरी है, वरना आपकी गैस सेवा बंद हो सकती है. जानें क्या है इसकी प्रक्रिया और मौजूदा विकल्प.
LPG Crisis amid West Asia Tension: वैश्विक स्तर पर बढ़ते जियो पॉलिटिकल टेंशन और खाड़ी देशों में जारी संघर्ष का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचता दिख रहा है. LPG सप्लाई पर दबाव बढ़ने के चलते भारत में भी गैस उपलब्धता को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. इसी के तहत गैस एजेंसियों ने नियम कड़े कर दिए हैं, जिससे निष्क्रिय यानी इनएक्टिव कनेक्शन धारकों पर सीधा असर पड़ सकता है.
किन ग्राहकों पर होगी कार्रवाई?
अब ऐसे उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने पिछले 9 महीनों या उससे अधिक समय से गैस सिलेंडर बुक नहीं कराया है. गैस कंपनियों ने ऐसे कनेक्शनों को “सस्पेंडेड” कैटेगरी में डालना शुरू कर दिया है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि गैस सब्सिडी और सीमित संसाधनों का फायदा केवल वास्तविक और एक्टिव ग्राहकों को ही मिले. साथ ही, “घोस्ट कनेक्शन” यानी फर्जी या निष्क्रिय कनेक्शनों को खत्म करना भी इस कदम का बड़ा कारण है.
कैसे एक्टिव रखें कनेक्शन?
अगर आपका कनेक्शन भी लंबे समय से इनएक्टिव है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. आप KYC प्रक्रिया पूरी करके अपनी गैस सेवा दोबारा शुरू कर सकते हैं. इसके लिए आपको अपनी गैस एजेंसी पर जाकर केवाईसी फॉर्म भरना होगा. साथ में आधार कार्ड और बैंक पासबुक की कॉपी जमा करनी होगी. इसके अलावा बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, जैसे अंगूठे का निशान या फेस ऑथेंटिकेशन, भी जरूरी होगा. एक बार यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद, आमतौर पर 24 से 48 घंटे के भीतर आपकी गैस बुकिंग सेवा फिर से चालू हो जाती है.
ऑनलाइन ऑप्शन भी मौजूद
जो लोग एजेंसी जाने से बचना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन विकल्प भी उपलब्ध है. आप Indane, HP या Bharat Gas की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए e-KYC अपडेट कर सकते हैं. इसके लिए “Update KYC” सेक्शन में जाकर अपनी डिटेल भरनी होगी और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा. यह तरीका तेज, आसान और घर बैठे किया जा सकता है.
जरूरी है कदम!
मौजूदा हालातों में गैस सप्लाई को लेकर सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है. समय पर KYC अपडेट रखने से न सिर्फ आपकी गैस सेवा रुकने से बचेगी, बल्कि सब्सिडी से जुड़े फायदे भी मिलते रहेंगे. ऐसे में अगर आपने लंबे समय से गैस बुक नहीं की है, तो बिना देरी किए अपनी KYC प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आपकी रसोई प्रभावित न हो.
ये भी पढ़ें- Gold-Silver Outlook: भारी गिरावट के बाद सोने-चांदी में दिख सकती है रिकवरी, लेकिन सीमित रहेगी तेजी; जानें कारण
