Dhurandhar 2 Box Office: 4 दिन में ₹400 करोड़ का आंकड़ा पार, रणवीर सिंह की फिल्म ने मचाया तहलका

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2- द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है. फिल्म ने महज चार दिनों में 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और तेजी से 1000 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है. फिल्म ने पहले ही दिन रिकॉर्ड कमाई की थी. उसके बाद से ही ये सिलसिला जारी है. देखें दिन के आधार पर फिल्म ने कितनी कमाई की है.

धुरंधर- दी रिवेंज का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन Image Credit: @Tv9

Dhurandhar: The Revenge Box Office Collection: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2- द रिवेंज’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तूफानी शुरुआत की है. फिल्म ने महज तीन दिनों में 300 करोड़ क्लब में एंट्री लेकर यह साबित कर दिया कि दर्शकों के बीच इसका क्रेज जबरदस्त है. सिनेमाघरों में फिल्म के शोज लगातार हाउसफुल जा रहे हैं और सोशल मीडिया से लेकर इंडस्ट्री तक, हर जगह डायरेक्टर आदित्य धर की जमकर तारीफ हो रही है.

चार दिनों में 400 करोड़ के पार

फिल्म की कमाई के आंकड़े इसकी सफलता की साफ कहानी बताते हैं. पेड प्रीव्यू से ही फिल्म ने शानदार शुरुआत करते हुए 43 करोड़ रुपये कमा लिए थे. इसके बाद पहले दिन फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे ओपनिंग ही ब्लॉकबस्टर बन गई. दूसरे दिन हल्की गिरावट के बावजूद फिल्म ने 80.72 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि तीसरे दिन वीकेंड का फायदा उठाते हुए कमाई फिर उछलकर 113 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, चौथे दिन (रात 9 बजे तक) फिल्म ने करीब 103.45 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन 442.72 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, हालांकि चौथे दिन के फाइनल आंकड़े अभी आना बाकी हैं.

ऑक्यूपेंसी भी दिखा रही दम

फिल्म की ऑक्यूपेंसी भी इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है. पेड प्रीव्यू में करीब 65 फीसदी से शुरुआत करने वाली फिल्म पहले दिन 67 फीसदी से ज्यादा, दूसरे दिन 62 फीसदी और तीसरे दिन 81 फीसदी से ज्यादा ऑक्यूपेंसी तक पहुंच गई. चौथे दिन भी यह आंकड़ा 80 फीसदी के आसपास बना हुआ है, जो बताता है कि दर्शकों का उत्साह लगातार बना हुआ है.

स्टारकास्ट और किरदारों का असर

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर हमजा के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो एक भारतीय जासूस है. कहानी में उनका फ्लैशबैक भी दिखाया गया है, जहां वे जसकीरत सिंह रंगी के रूप में अपनी असली पहचान में नजर आते हैं. फिल्म में संजय दत्त ने चौधरी असलम का किरदार निभाया है, वहीं अर्जुन रामपाल मेजर इकबाल के रोल में दिखाई दिए हैं. इसके अलावा आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं. खासकर संजय दत्त और राकेश बेदी की कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया है.

पहले पार्ट की विरासत, दूसरे पार्ट की रफ्तार

‘धुरंधर 2’, 2025 में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ का सीक्वल है, जिसने करीब 1300 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की थी. पहले पार्ट में अक्षय खन्ना के दमदार प्रदर्शन ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. अब दूसरे भाग में कहानी को और बड़े स्केल पर पेश किया गया है, जिसमें एक्शन, इमोशन और बैकस्टोरी का मजबूत मेल देखने को मिल रहा है.

आगे क्या उम्मीद?

फिल्म जिस रफ्तार से कमाई कर रही है, उसे देखते हुए यह साफ है कि आने वाले दिनों में यह कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो ‘धुरंधर 2’ 1000 करोड़ क्लब की ओर तेजी से बढ़ सकती है और अपने पहले पार्ट के रिकॉर्ड को भी चुनौती दे सकती है. अभी सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितनी दूर तक जाती है.

ये भी पढ़ें- होर्मुज से सबसे पहले इन 10 जगहों पर आती है गैस, खाड़ी देशों से घर तक का ऐसे होता है सफर; जानें पूरी सप्लाई चेन