एक किलोलीटर तेल में कितनी दूरी तय करता है हवाई जहाज; क्या कार जैसी होती है माइलेज?
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच ATF की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है, जिससे हवाई यात्रा महंगी हो सकती है. आमतौर पर विमान की माइलेज सीधे किलोमीटर प्रति लीटर में नहीं मापी जाती, लेकिन औसतन एक बड़ा विमान 1 किलोलीटर ATF में करीब 80 से 85 किलोमीटर उड़ान भर सकता है, हालांकि यह दूरी कई परिस्थितियों पर निर्भर करती है.
How Much Fuel does a Plane Use Per Km: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब भारत में भी साफ दिखाई देने लगा है. नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है. 1 अप्रैल 2026 से ATF की कीमतों में करीब 8,000 रुपये प्रति किलोलीटर का इजाफा हुआ है. इसके बाद दिल्ली में ATF की कीमत बढ़कर 104927 रुपये प्रति किलोलीटर पहुंच गई है. कोलकाता में यह 109450 रुपये प्रति किलोलीटर और मुंबई में 98247 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है.
ऐसे में आम लोगों के मन में यह सवाल उठना बिल्कुल स्वाभाविक है कि आखिर एक किलोलीटर ATF में प्लेन कितनी दूरी तय करता है. पहली नजर में यह सवाल आसान लगता है, लेकिन इसका जवाब थोड़ा तकनीकी है. आइए समझते परत दर परत.
हवाई जहाज में कौन सा फ्यूल इस्तेमाल होता है?
हवाई जहाजों में आम तौर पर Jet A-1 फ्यूल का इस्तेमाल होता है, जो कमर्शियल विमानों के लिए स्टैंडर्ड ईंधन है. इसके अलावा छोटे प्रोपेलर वाले विमानों में एवगैस यानी एविएशन गैसोलीन का उपयोग किया जाता है. जब ईंधन की बड़ी मात्रा की बात होती है, तो उसे किलोलीटर में मापा जाता है. एक किलोलीटर में 1000 लीटर ईंधन होता है. बड़े विमानों के टैंक भी उसी हिसाब से विशाल होते हैं. उदाहरण के लिए, OAG की रिपोर्ट के मुताबिक, Boeing 747 जैसे बड़े विमान में 2 लाख लीटर से ज्यादा ईंधन भर सकता है, जिससे लंबी दूरी की उड़ान संभव हो पाती है.
प्लेन की माइलेज
अगर आप कार या बाइक की माइलेज के हिसाब से सोच रहे हैं, तो यहां थोड़ा रुककर समझना जरूरी है. हवाई जहाज की माइलेज किलोमीटर प्रति लीटर में तय नहीं की जाती. इसके पीछे कारण यह है कि विमान की खपत कई चीजों पर एक साथ निर्भर करती है, जैसे उसकी स्पीड, ऊंचाई, वजन और मौसम. इसी वजह से एविएशन इंडस्ट्री में फ्यूल खपत को आमतौर पर प्रति घंटे जलने वाले ईंधन या प्रति यात्री खपत के रूप में देखा जाता है.
तो 1 किलोलीटर ATF में कितनी दूरी तय होगी?
अब इसी आधार पर अगर हम गणित लगाएं, तो तस्वीर साफ होने लगती है. एक किलोलीटर यानी 1000 लीटर ईंधन होता है. अगर एक किलोमीटर के लिए करीब 12 लीटर ईंधन लगता है, तो 1000 लीटर ईंधन में एक बड़ा विमान लगभग 83 से 85 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है. यानी सामान्य भाषा में कहें, तो एक किलोलीटर ATF में प्लेन की दूरी तय करने की क्षमता करीब 83 से 85 किलोमीटर के आसपास बैठती है. हालांकि यह एक औसत अनुमान है, न कि फिक्स आंकड़ा.
रिपोर्ट के मुताबिक क्यों बदलता है यह आंकड़ा?
हालांकि OAG एविएशन की रिपोर्ट के मुताबिक, हर विमान की फ्यूल खपत अलग होती है. उदाहरण के तौर पर Airbus A380 जैसे बड़े विमान करीब 14 लीटर प्रति किलोमीटर ईंधन खर्च करते हैं, जबकि नए जमाने के Airbus A350 में यह खपत लगभग 6 लीटर प्रति किलोमीटर है. वहीं Airbus A321neo जैसे आधुनिक और फ्यूल एफिशिएंट विमान में यह औसतन 2.7 लीटर प्रति किलोमीटर तक आ जाती है. इसका मतलब साफ है कि जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी बेहतर हो रही है, विमानों की ईंधन खपत कम होती जा रही है और वे ज्यादा दूरी कम ईंधन में तय कर पा रहे हैं.
और किन चीजों से बदल जाता है पूरा हिसाब?
यह समझना भी जरूरी है कि यह पूरा कैलकुलेशन कई परिस्थितियों पर निर्भर करता है. अगर विमान पूरी क्षमता से भरा हुआ है, मौसम खराब है या हवा विपरीत दिशा में चल रही है, तो ईंधन ज्यादा खर्च होगा. वहीं अगर परिस्थितियां अनुकूल हैं, तो वही विमान कम ईंधन में ज्यादा दूरी तय कर सकता है. इसके अलावा टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान फ्यूल खपत ज्यादा होती है, जबकि क्रूजिंग के दौरान यह अपेक्षाकृत कम रहती है.
इसे भी पढ़ें- राधाकिशन दमानी का चला सिक्का! DMart ने छुआ 500 स्टोर्स का माइलस्टोन; 9% भागा शेयर, अभी भी 13 फीसदी का दिख रहा अपसाइड
