महंगा हुआ सोना फिर भी नहीं थमी खरीदारी, गोल्ड इम्पोर्ट में 82% उछाल; सिल्वर ने भी लगाई लंबी छलांग
अप्रैल 2026 में भारत का गोल्ड इम्पोर्ट 81.69 फीसदी बढ़कर 5.62 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जबकि सिल्वर इम्पोर्ट में 157.16 फीसद की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई. वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बढ़ती वैश्विक कीमतों के बावजूद देश में सोने और चांदी की मांग मजबूत बनी हुई है. सरकार ने हाल ही में गोल्ड और सिल्वर पर इम्पोर्ट ड्यूटी 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दी है.
Gold Import India: भारत में अप्रैल 2026 के दौरान गोल्ड और सिल्वर इम्पोर्ट में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वाणिज्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में देश का गोल्ड इम्पोर्ट सालाना आधार पर 81.69 फीसदी बढ़कर 5.62 अरब डॉलर पर पहुंच गया. वहीं सिल्वर इम्पोर्ट में भी 157.16 फीसदी की बड़ी छलांग देखने को मिली और यह बढ़कर 411 मिलियन डॉलर हो गया. वैश्विक बाजार में सोने और चांदी की बढ़ती कीमतों के बावजूद भारत में मांग मजबूत बनी हुई है. हालांकि सरकार द्वारा हाल ही में इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद आने वाले महीनों में आयात पर असर देखने को मिल सकता है.
सरकार ने बढ़ाई इम्पोर्ट ड्यूटी
सरकार ने 13 मई 2026 से गोल्ड और सिल्वर पर इम्पोर्ट ड्यूटी 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दी है. वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बढ़ी हुई ड्यूटी के कारण आने वाले समय में गोल्ड और सिल्वर इम्पोर्ट में कमी आ सकती है.
हालांकि सिल्वर के मामले में प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि इसका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर इंडस्ट्रियल सेक्टर में भी किया जाता है. राजेश अग्रवाल ने कहा कि ड्यूटी बढ़ने के बाद खपत आधारित मांग में कमी आ सकती है, लेकिन इसका वास्तविक असर आने वाले महीनों में साफ होगा.
FY26 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा गोल्ड इम्पोर्ट
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारत का गोल्ड इम्पोर्ट 24 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 71.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया. हालांकि वॉल्यूम के लिहाज से गोल्ड इम्पोर्ट में 4.76 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और कुल आयात 721.03 टन रहा. वहीं सिल्वर इम्पोर्ट पिछले वित्त वर्ष में करीब 150 फीसदी बढ़कर 12 अरब डॉलर तक पहुंच गया. वॉल्यूम के आधार पर सिल्वर आयात 42 फीसदी बढ़कर 7334.96 टन दर्ज किया गया.
ट्रेड डेफिसिट पर बढ़ा दबाव
गोल्ड और सिल्वर इम्पोर्ट में तेज बढ़ोतरी का असर भारत के ट्रेड डेफिसिट पर भी देखने को मिला है. अप्रैल में देश का ट्रेड डेफिसिट बढ़कर 28.38 अरब डॉलर के तीन महीने के हाई स्तर पर पहुंच गया है. गोल्ड इम्पोर्ट भारत के करेंट अकाउंट डेफिसिट यानी सीएडी पर सीधा असर डालता है. भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गोल्ड उपभोक्ता देश है और यहां ज्यादातर आयात ज्वेलरी इंडस्ट्री की मांग पूरी करने के लिए किया जाता है.
स्विट्जरलैंड बना सबसे बड़ा सप्लायर
भारत के लिए स्विट्जरलैंड गोल्ड इम्पोर्ट का सबसे बड़ा स्रोत बना हुआ है, जिसकी हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है. इसके बाद यूएई और दक्षिण अफ्रीका का स्थान आता है. अप्रैल में केवल स्विट्जरलैंड से आयात 26.73 फीसदी बढ़कर 1.47 अरब डॉलर तक पहुंच गया. यदि वैश्विक अनिश्चितता और सोने की कीमतों में तेजी बनी रहती है, तो भारत का बुलियन इम्पोर्ट आने वाले महीनों में भी चर्चा में बना रह सकता है.
यह भी पढ़ें: SEBI ने 3 कंपनियों को दी IPO की मंजूरी, टाटा मोटर्स और JCB India को सर्विस देने वाली कंपनी जुटाएगी 600 करोड़
Latest Stories
भारत के फॉरेक्स रिजर्व में बड़ा उछाल, 696.99 अरब डॉलर पर पहुंचा विदेशी मुद्रा भंडार; गोल्ड ने दिया बड़ा सहारा
चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, सोना भी 3200 रुपये टूटा; जानें- क्या है एक किलो सिल्वर का भाव
6 महीने के हाई पर पहुंची बेरोजगारी दर, ग्रामीण इलाकों में बढ़ी टेंशन; अप्रैल के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
