LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर! 16 अगस्त तक पूरा कर लें यह काम, नहीं तो महंगा पड़ सकता है गैस सिलेंडर

LPG उपभोक्ताओं के लिए अगस्त 2026 कई अहम बदलाव लेकर आया है. PMUY लाभार्थियों को 16 अगस्त तक e-KYC पूरा करना अनिवार्य है, अन्यथा घरेलू दरों पर LPG सिलेंडर मिलने का लाभ रुक सकता है. वहीं, Commercial LPG सिलेंडर की कीमतों में दूसरी बार कटौती की गई है, जबकि घरेलू LPG सिलेंडर के दाम स्थिर हैं.

एलपीजी सिलेंडर Image Credit: money9live

Highlights

  • PMUY लाभार्थियों को 16 अगस्त तक आधार आधारित e-KYC पूरा करना होगा.
  • ऐसा नहीं करने पर घरेलू दरों पर LPG सिलेंडर मिलने का लाभ अस्थायी रूप से रुक सकता है.
  • 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस महीने कोई बदलाव नहीं किया गया है.

LPG e-KYC: अगर आप घर या कारोबार के लिए LPG सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, तो अगस्त महीने में हुए बदलावों की जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है. केंद्र सरकार और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने LPG उपभोक्ताओं के लिए कई अहम बदलाव किए हैं. जहां एक ओर कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में लगातार दूसरे महीने कटौती की गई है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को 16 अगस्त 2026 तक आधार आधारित e-KYC पूरा करना होगा. ऐसा नहीं करने पर उन्हें घरेलू दरों पर LPG सिलेंडर मिलने का लाभ अस्थायी रूप से बंद हो सकता है.

16 अगस्त तक कराएं e-KYC

PMUY के तहत LPG सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए 16 अगस्त की समयसीमा बेहद अहम है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियां लाभार्थियों को लगातार संदेश भेजकर e-KYC पूरा करने की अपील कर रही हैं. कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि अगर तय समय तक आधार आधारित e-KYC नहीं कराया गया, तो उपभोक्ता घरेलू दरों पर LPG सिलेंडर लेने के पात्र नहीं रहेंगे. हालांकि, e-KYC पूरा कराने के बाद यह सुविधा दोबारा शुरू हो जाएगी. उपभोक्ता इंडियनऑयल ONE App, अपने LPG डिस्ट्रीब्यूटर या गैस डिलीवरी कर्मी की मदद से घर बैठे भी e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता

अगस्त की शुरुआत कारोबारियों के लिए राहत लेकर आई है. 1 अगस्त से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में लगातार दूसरे महीने कटौती की गई है. अलग-अलग शहरों में इसकी कीमत 192 रुपये से 209 रुपये तक कम हुई है. नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम का कमर्शियल LPG सिलेंडर 192 रुपये सस्ता होकर 2,738 रुपये का हो गया है. मुंबई में इसकी कीमत 194 रुपये घटकर 2,691.50 रुपये, कोलकाता में 209 रुपये घटकर 2,872.50 रुपये और चेन्नई में 200 रुपये घटकर 2,906 रुपये हो गई है. इससे होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है.

घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस महीने कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है.

हल्के Composite LPG सिलेंडर का होगा विस्तार

ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अब हल्के 10 किलोग्राम Composite LPG सिलेंडर का दायरा भी बढ़ा रही हैं. इंडियनऑयल का Indane XTRALITE NOW सिलेंडर फिलहाल पुणे, गुरुग्राम, इंदौर और कोयंबटूर में उपलब्ध है. कंपनी इसे अगस्त के मध्य तक 25 और शहरों में शुरू करने की तैयारी कर रही है.

वहीं, BPCL का Bharatgas Lite ZIP 15 अगस्त तक 24 राज्यों के 100 से अधिक शहरों में उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है. दूसरी ओर, HPCL ने हाल ही में HP Navya 10 किलोग्राम Composite सिलेंडर लॉन्च किया है, जिसे बेंगलुरु में Swiggy Instamart के जरिए उपलब्ध कराया जा रहा है.

PNG से जुड़े नियम में नहीं हुआ बदलाव

जिन इलाकों में Piped Natural Gas (PNG) उपलब्ध है, वहां पहले की तरह एक ही Cooking Gas Connection रखने का नियम लागू रहेगा. यानी उपभोक्ता के पास LPG या PNG में से केवल एक ही कनेक्शन हो सकता है. यदि कोई उपभोक्ता पूरी तरह PNG पर शिफ्ट हो जाता है, तो उसे 30 दिनों के भीतर अपना Indane, Bharatgas या HP Gas का LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा. हालांकि, यदि वह ऐसे क्षेत्र में स्थानांतरित होता है, जहां PNG उपलब्ध नहीं है, तो ट्रांसफर वाउचर के जरिए दोबारा LPG कनेक्शन लिया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: AI की ताकत से बदल सकती है इन 2 कंपनियों की तस्वीर! सरकार ने खोल दिया 28000 करोड़ रुपये का रास्ता; रखें नजर