AI की ताकत से बदल सकती है इन 2 कंपनियों की तस्वीर! सरकार ने खोल दिया 28000 करोड़ रुपये का रास्ता; रखें नजर
भारत में AI इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार तेजी से हो रहा है. IndiaAI Mission के तहत 38,000 से अधिक GPU तैनात करने की मंजूरी मिल चुकी है. इसके साथ ही AI इंफ्रास्ट्रक्चर मार्केट 2030 तक 28,290 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. AI Cloud, डेटा सेंटर और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की बढ़ती मांग से कई कंपनियों को बड़ा फायदा मिल सकता है.
IndiaAI Mission: भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बाजार अब केवल सॉफ्टवेयर तक सीमित नहीं रह गया है. अब फोकस AI को चलाने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर है. बड़े AI मॉडल को ट्रेन करने और उन्हें चलाने के लिए GPU, डेटा सेंटर और क्लाउड कंप्यूटिंग की मांग तेजी से बढ़ रही है. इसी को देखते हुए केंद्र सरकार IndiaAI Mission के जरिए देश में मजबूत AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है. इसका फायदा AI क्लाउड और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग से जुड़ी कंपनियों को मिलने की उम्मीद है.
38,000 से अधिक GPU तैनात करने की मंजूरी
सरकार ने IndiaAI Mission के तहत 38,000 से अधिक GPU तैनात करने की मंजूरी दी है. इसका मकसद देश में साझा AI कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है, ताकि स्टार्टअप, रिसर्च इंस्टीट्यूट और एंटरप्राइज विदेशी क्लाउड सर्विस पर निर्भर हुए बिना AI मॉडल विकसित कर सकें. इसके साथ ही भारत में डेटा सेंटर क्षमता भी तेजी से बढ़ रही है. देश का डेटा सेंटर पाइपलाइन 8.33 गीगावॉट तक पहुंच चुका है. अनुमान है कि भारत का AI इंफ्रास्ट्रक्चर मार्केट वित्त वर्ष 2026 में 11,540 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2030 तक 28,290 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा.
E2E Networks तेजी से बढ़ा रही है GPU क्षमता
E2E Networks देश की प्रमुख सॉवरेन क्लाउड GPU प्रोवाइडर कंपनियों में शामिल है. कंपनी एंटरप्राइज, स्टार्टअप और सरकारी संस्थानों को AI कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराती है. बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने अपने GPU की संख्या वित्त वर्ष 2026 में 1,900 से बढ़ाकर 3,900 कर दी, जबकि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही तक यह संख्या 5,100 पर पहुंच गई. कंपनी जल्द ही 1,024 नए NVIDIA B200 GPU भी जोड़ने की तैयारी में है. कंपनी का कहना है कि जैसे ही नए GPU चालू होते हैं, उनकी क्षमता लगभग पूरी तरह उपयोग में आ जाती है. इसका असर कंपनी के वित्तीय नतीजों में भी दिखाई दिया.
मजबूत वित्तीय नतीजे
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 334.3 फीसदी बढ़कर 156.8 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं EBITDA 1,022.8 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 117.9 करोड़ रुपये रहा. कंपनी को 43.9 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में उसे 2.8 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था.
Netweb Technologies को भी मिल रहा AI बूम का फायदा
Netweb Technologies हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और AI सर्वर बनाने वाली देश की प्रमुख OEM कंपनी है. कंपनी NVIDIA और AMD जैसी वैश्विक कंपनियों के साथ मिलकर AI सर्वर, सुपरकंप्यूटर, प्राइवेट क्लाउड और एंटरप्राइज स्टोरेज जैसे सॉल्यूशन तैयार करती है.
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी के कुल रेवेन्यू का 62.3 फीसदी हिस्सा AI सिस्टम सेगमेंट से आया. इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 172.1 फीसदी बढ़कर 819.7 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA 169 फीसदी बढ़कर 120.5 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 180 फीसदी बढ़कर 85.3 करोड़ रुपये हो गया.
मजबूत ऑर्डर बुक
फाइनेंशियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के पास 30 जून 2026 तक 2,506.9 करोड़ रुपये का मजबूत ऑर्डर बुक था. इसके अलावा 848.5 करोड़ रुपये के ऑर्डर में कंपनी सबसे कम बोली लगाने वाली (L1) है, जबकि 1,041 करोड़ रुपये का एक्टिव पाइपलाइन भी मौजूद है. कंपनी का मानना है कि आने वाले 18 से 24 महीनों में इसका बड़ा हिस्सा कन्फर्म्ड ऑर्डर में बदल सकता है.
कैसा है शेयर का हाल
अगर शेयर की बात करें, तो शुक्रवार को E2E Networks का शेयर 4.99 फीसदी की बढ़त के साथ 517.15 रुपये पर बंद हुआ. वहीं, Netweb Technologies का शेयर 7.84 फीसदी की तेजी के साथ 4,524 रुपये पर बंद हुआ.
यह भी पढ़ें: Stocks to Watch: मारुति, ITC, BEL से लेकर NCC तक के शेयरों पर रहेगी आज नजर, दिख सकती है जोरदार हलचल
डिस्क्लेमर: मनी9 लाइव किसी भी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां केवल शेयर्स की जानकारी दी गई है, निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Q1 में इन 4 शेयरों में प्रमोटर और FII ने बढ़ाई होल्डिंग, अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां, रडार पर रखें स्टॉक्स
Bajaj के इन 2 शेयरों में आने वाली है बड़ी तेजी? टेक्निकल चार्ट दे रहे हैं मजबूत संकेत; रखें नजर
Stocks to Watch: मारुति, ITC, BEL से लेकर NCC तक के शेयरों पर रहेगी आज नजर, दिख सकती है जोरदार हलचल
