TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

रिलायंस से एयरटेल तक छाई तेजी! टॉप-10 कंपनियों में 9 ने जोड़े ₹2.51 लाख करोड़

शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई जोरदार तेजी से सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से 9 का संयुक्त मार्केट कैप ₹2.51 लाख करोड़ बढ़ गया. सबसे ज्यादा फायदा बजाज फाइनेंस को हुआ, जबकि हिंदुस्तान यूनिलीवर को नुकसान उठाना पड़ा.

शेयर बाजार

Highlights

  • नौ कंपनियों का मार्केट कैप ₹2.51 लाख करोड़ बढ़ा
  • बजाज फाइनेंस सबसे बड़ा गेनर बनकर उभरी कंपनी
  • हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप घटा इस सप्ताह

बीते सप्ताह शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी का फायदा देश की सबसे बड़ी कंपनियों को भी मिला. सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 के मार्केट कैप में कुल मिलाकर ₹2,51,228.75 करोड़ की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस दौरान सबसे ज्यादा फायदा बजाज फाइनेंस को हुआ, जबकि हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) ही एकमात्र ऐसी कंपनी रही, जिसका बाजार पूंजीकरण घट गया. पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 2,034.87 अंक यानी 2.67% चढ़कर बंद हुआ. वहीं एनएसई निफ्टी में 616.15 अंकों यानी 2.59% की बढ़त दर्ज की गई.

बजाज फाइनेंस रही सबसे बड़ी विजेता

सप्ताह के दौरान बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप ₹80,345.97 करोड़ बढ़कर ₹7,10,817.51 करोड़ पर पहुंच गया. कंपनी के शेयर में शुक्रवार को 8% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली. इसकी वजह जून तिमाही के शानदार नतीजे रहे, जिसमें कंपनी का एकीकृत शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 28% बढ़ा.

एयरटेल, टीसीएस और रिलायंस ने भी बढ़ाई निवेशकों की संपत्ति

भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण ₹44,959.50 करोड़ बढ़कर ₹12,30,005.63 करोड़ हो गया. वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मार्केट कैप ₹40,414.03 करोड़ बढ़कर ₹8,55,894.78 करोड़ पहुंच गया. देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण भी ₹39,447.35 करोड़ बढ़कर ₹17,69,108.79 करोड़ हो गया.

इन कंपनियों के मार्केट कैप में भी हुई बढ़ोतरी

लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का बाजार पूंजीकरण ₹21,096.80 करोड़ बढ़कर ₹5,41,844.69 करोड़ पहुंच गया. वहीं भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का मार्केट कैप ₹10,845.97 करोड़ बढ़कर ₹9,47,799.81 करोड़ हो गया.

इसके अलावा एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन ₹8,164.73 करोड़ बढ़कर ₹11,52,150.63 करोड़, एलआईसी का ₹4,427.49 करोड़ बढ़कर ₹5,37,435.05 करोड़ और आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप ₹1,660.37 करोड़ बढ़कर ₹10,29,878.30 करोड़ पर पहुंच गया.

HUL को हुआ नुकसान

जहां एक ओर ज्यादातर बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी रही, वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का बाजार पूंजीकरण ₹10,326.46 करोड़ घटकर ₹4,93,602.13 करोड़ रह गया. यह सप्ताह के दौरान मार्केट कैप गंवाने वाली टॉप-10 की इकलौती कंपनी रही.

मार्केट कैप रैंकिंग में कौन सबसे आगे?

बाजार पूंजीकरण के आधार पर रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है. इसके बाद भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा. शेयर बाजार में तेजी का सबसे बड़ा फायदा वित्तीय और टेलीकॉम कंपनियों को मिला, जबकि FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर इस तेजी का लाभ नहीं उठा सकी.

यह भी पढ़ें- होम लोन वालों के लिए जरूरी खबर! अगस्त में RBI क्या करेगा ब्याज दरों पर फैसला?