पेट्रोल ₹5 महंगा! Nayara ने तेल की कीमतों में किया इजाफा, जानें कितने चढ़े डीजल के दाम
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब भारत में दिखने लगा है. निजी कंपनी Nayara Energy ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं. इससे बाजार में नई हलचल शुरू हो गई है और आने वाले दिनों में कीमतों को लेकर और बड़े फैसले हो सकते हैं.
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर लंबे समय से बनी स्थिरता अब दरकने लगी है. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब सीधे भारत के फ्यूल बाजार पर दिखने लगा है. इसकी शुरुआत देश की सबसे बड़ी निजी रिटेलर कंपनियों में से एक, नायरा एनर्जी ने कर दी है, जिसने अचानक तेल की कीमतें 5 रुपये तक बढ़ा दी हैं.
Nayara Energy ने बढ़ाए दाम
रूस की कंपनी रोसनेफ्ट के समर्थन वाली Nayara Energy ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी की है. ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने पेट्रोल पर करीब ₹5 प्रति लीटर और डीजल पर ₹3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी लागू की है.
कंपनी देशभर में अपने 6,967 पेट्रोल पंप के जरिए ईंधन बेचती है, इसलिए इसका असर व्यापक रूप से ग्राहकों तक पहुंचेगा. अलग-अलग राज्यों में वैट के कारण कीमतों में बढ़ोतरी ₹5.30 प्रति लीटर तक भी देखी जा रही है.
क्यों लेना पड़ा यह फैसला
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें अचानक बढ़कर 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं. इससे आयात लागत काफी बढ़ गई. हालांकि गुरुवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 104 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है.
निजी कंपनियों के पास सरकारी कंपनियों की तरह नुकसान की भरपाई का कोई इंतजाम नहीं होता. ऐसे में लंबे समय तक कीमतें स्थिर रखने से उनका घाटा बढ़ रहा था, जिसे अब ग्राहकों पर आंशिक रूप से डालना पड़ा.
बाकी कंपनियों का क्या रुख है
जहां Nayara ने कीमतें बढ़ा दी हैं, वहीं जियो-बीपी (Reliance और BP का जॉइंट वेंचर) ने अभी तक अपने दाम नहीं बढ़ाए हैं. सरकारी कंपनियां, जो बाजार का करीब 90% हिस्सा संभालती हैं, अभी भी आम पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर रखे हुए हैं.
यह भी पढ़ें: Hormuz से ऐसे बिगड़ी LPG सप्लाई, पहले थी डेली 90000 टन खपत, फिर आया 13000 का गैप, ये जुगत जलाएगी चूल्हा
प्रीमियम पेट्रोल हुआ महंगा
हालांकि सरकारी तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ाए हैं. HPCL और IOCL ने XP95 और Power जैसे फ्यूल के दाम ₹2.09 से ₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं. इसके बावजूद आम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, ताकि आम लोगों पर सीधा असर कम पड़े.
