HDFC Bank केस में SEBI की एंट्री, अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे की कर रहा पड़ताल; जांच में खुल सकते हैं कई राज

HDFC बैंक के पूर्व चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद SEBI ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. इस्तीफे के पत्र में उठाए गए मुद्दों ने कॉरपोरेट गवर्नेंस और डिस्क्लोजर को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. सूत्रों के अनुसार, जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या सभी जरूरी जानकारी समय पर साझा की गई थी और क्या किसी तरह की चूक हुई है.

सेबी Image Credit: tv9 bharatvarsh

SEBI Investigation HDFC Bank: देश के सबसे बड़े निजी बैंकों में शामिल HDFC बैंक से जुड़े एक बड़े घटनाक्रम ने बाजार और नियामकीय संस्थाओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. बैंक के पूर्व चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद अब SEBI ने इस पूरे मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. खास बात यह है कि इस्तीफे के पत्र में उठाए गए मुद्दों ने न केवल बैंक के शेयरों को झटका दिया, बल्कि कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इस्तीफे के पत्र ने बढ़ाई चिंता

अतनु चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे के पत्र में बैंक के भीतर “कुछ घटनाओं और प्रक्रियाओं” का जिक्र किया था, जो उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थीं. हालांकि उन्होंने इन बातों का विस्तार से खुलासा नहीं किया, लेकिन इस बयान का बाजार पर तत्काल असर देखने को मिला. इस्तीफे के अगले ही दिन बैंक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे कुछ ही दिनों में कंपनी के मार्केट वैल्यू में भारी कमी आई.

SEBI ने शुरू की जांच

रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि SEBI अब इस मामले की जांच कर रहा है. जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि इस्तीफे के पत्र में किए गए दावे कितने सही हैं और क्या बैंक के अन्य निदेशकों को इन तथ्यों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने उन्हें रिकॉर्ड में नहीं लाया. इसके अलावा, यह भी देखा जा रहा है कि कहीं किसी घटना की गलत रिपोर्टिंग तो नहीं हुई, जिससे छोटे निवेशकों पर असर पड़ा हो.

निदेशकों की जिम्मेदारी पर सवाल

भारत में लिस्टेड कंपनियों के लिए नियम यह कहते हैं कि स्वतंत्र निदेशकों को यह सुनिश्चित करना होता है कि प्रबंधन और बोर्ड के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान पारदर्शी और समय पर हो. ऐसे में अगर किसी महत्वपूर्ण जानकारी को साझा नहीं किया गया या उसे दस्तावेज में दर्ज नहीं किया गया, तो यह नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है.

RBI ने दी राहत, लेकिन सवाल बरकरार

इस बीच, RBI ने हाल ही में कहा था कि बैंक के संचालन या गवर्नेंस को लेकर उसके रिकॉर्ड में कोई गंभीर चिंता सामने नहीं आई है. हालांकि, SEBI की जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या सभी जरूरी खुलासे सही तरीके से किए गए थे या नहीं.

बैंक और पूर्व चेयरमैन का रुख

HDFC बैंक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बाहरी लॉ फर्म्स को नियुक्त किया है, ताकि इस्तीफे के पत्र में उठाए गए मुद्दों की स्वतंत्र जांच कराई जा सके. वहीं, अतनु चक्रवर्ती ने रॉयटर्स को बताया है कि उन्होंने अपने पत्र में कोई आरोप या संकेत नहीं दिया है और उन्हें SEBI की किसी जांच की जानकारी भी नहीं है.

यह भी पढ़ें: Goldman Sachs ने भारत की रेटिंग घटाई, Nifty का भी टारगेट किया कम, जानें- क्या दी है चेतावनी