खाद संकट की आशंका पर सरकार का बड़ा बयान! नड्डा बोले- देश में पर्याप्त स्टॉक, किसानों को घबराने की जरूरत नहीं
पश्चिम एशिया संकट के बीच खाद को लेकर बढ़ी चिंता पर सरकार ने बड़ा भरोसा दिया है. जेपी नड्डा ने कहा कि देश में पर्याप्त उर्वरक भंडार मौजूद है और किसानों को घबराने की जरूरत नहीं. क्या आने वाले खरीफ सीजन में सप्लाई बनी रहेगी?
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और सप्लाई रूट में आ रही बाधाओं के बीच देश में खाद की उपलब्धता को लेकर चिंताएं बढ़ना स्वाभाविक है. खासकर जब भारत बड़ी मात्रा में उर्वरक आयात करता है, तो वैश्विक संकट का असर यहां भी दिख सकता है. लेकिन सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है.
लोकसभा में जवाब देते हुए केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि देश में खाद का पर्याप्त भंडार है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार ने सभी जरूरी कदम उठाए हैं ताकि किसानों को समय पर खाद मिलती रहे.
राज्यों के साथ समन्वय
नड्डा ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को राज्यों के कृषि मंत्रियों से बातचीत की और उन्हें मौजूदा स्थिति की जानकारी दी. इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी राज्य में सप्लाई की कमी न हो.
सरकार का कहना है कि आने वाले खरीफ सीजन के लिए भी पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. यानी किसानों को बुवाई के समय खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें: कंस्ट्रक्शन पड़ेगा महंगा! सीमेंट की कीमत में ₹60 तक इजाफा संभव, सप्लाई में दिक्कत और बढ़ती लागत से बढ़ा दबाव
नए बाजारों पर नजर
सरकार भविष्य को लेकर भी सतर्क है. मंत्री ने बताया कि नए देशों और बाजारों की तलाश की जा रही है, जहां से उर्वरकों के लिए कच्चा माल मिल सके. इससे आयात पर निर्भरता को संतुलित करने में मदद मिलेगी.
पश्चिम एशिया में युद्ध और शिपिंग रूट में रुकावटों के कारण खाद के आयात को लेकर चिंता बढ़ी है. भारत जैसे आयात-निर्भर देश के लिए यह एक अहम चुनौती है.
