सोने पर सुहागा वाले 5 स्टॉक्स! दिग्गज निवेशकों की बड़ी हिस्सेदारी के साथ Piotroski स्कोर भी दमदार; देखें लिस्ट

हाई Piotroski Score और दिग्गज निवेशकों की हिस्सेदारी वाले इन 5 स्टॉक्स ने मजबूत फंडामेंटल्स दिखाए हैं, लेकिन हालिया बाजार गिरावट के चलते इनके शेयरों में दबाव देखने को मिला है. हालांकि, कई स्टॉक्स ऐसे भी हैं जिन्होंने पिछले कुछ समय में अच्छा प्रदर्शन किया है.

इन स्टॉक्स पर रखें नजर Image Credit: @Money9live

5 Stocks Ace Investors and Piotroski Score: किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले निवेशक कई अहम फैक्टर्स पर नजर रखते हैं. कई बार वह कंपनी की वित्तीय स्थिति के आधार पर निवेश करने का निर्णय लेते तो कई बार अच्छे रिटर्न और ऑर्डर बुक के आधार पर. उन्हीं तमाम फैक्टर्स में से एक होता है दिग्गज निवेशकों के पोर्टफोलियो को देखना. यहां हमने उन्हीं कुछ कंपनियों की सूची तैयार की है जिनमें दिग्गज निवेशकों के पैसे लगे हुए हैं. लेकिन सूची में शामिल कंपनियों में दिग्गज निवेशकों वाले फैक्टर के साथ-साथ Piotroski स्कोर की भी अहमियत है. आइए पहले इस स्कोर के बारे में बताते हैं.

क्या होता है Piotroski स्कोर?

Piotroski Score एक अहम फाइनेंशियल इंडिकेटर है, जो किसी कंपनी की वित्तीय मजबूती को 0 से 9 के स्केल पर मापता है. यह स्कोर कंपनी की प्रॉफिटेबिलिटी, कर्ज की स्थिति, लिक्विडिटी और ऑपरेशनल एफिशिएंसी जैसे पहलुओं के आधार पर तय किया जाता है. आम तौर पर 8 या 9 का स्कोर यह संकेत देता है कि कंपनी की फाइनेंशियल हेल्थ मजबूत है और उसमें सुधार भी दिख रहा है. ऐसे स्टॉक्स निवेशकों को बेहतर क्वालिटी के विकल्प चुनने में मदद करते हैं. यहां हम उन 5 कंपनियों की बात कर रहे हैं, जिनमें दिग्गज निवेशकों की हिस्सेदारी है और जिसका Piotroski Score भी ऊंचा है.

Shaily Engineering Plastics Ltd

Shaily Engineering Plastics एक जानी-मानी कंपनी है, जो हाई-प्रिसिजन इंजेक्शन मोल्डेड प्लास्टिक कंपोनेंट्स बनाती है. कंपनी हेल्थकेयर, होम फर्निशिंग और FMCG सेक्टर की ग्लोबल कंपनियों को सप्लाई करती है. यह खासतौर पर जटिल ड्रग डिलीवरी डिवाइसेज और सस्टेनेबल पैकेजिंग सॉल्यूशंस के लिए जानी जाती है. दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया की इसमें 3.22 फीसदी हिस्सेदारी है.

कैसी है वित्तीय स्थिति?

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो Q3FY26 में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 250 करोड़ रुपये पहुंचा, हालांकि तिमाही आधार पर इसमें 3 फीसदी की गिरावट आई. वहीं, नेट प्रॉफिट में सालाना 48 फीसदी की बढ़त रही, लेकिन QoQ आधार पर 27 फीसदी कमी दर्ज की गई और मुनाफा 37 करोड़ रुपये रहा. इस स्टॉक का Piotroski Score 8 है.

क्या है शेयर का हाल?

शुक्रवार, 27 मार्च को कंपनी के शेयर 5.34 फीसदी की गिरावट के साथ 2,144 रुपये पर ट्रेड करते हुए बंद हुए. इस दौरान स्टॉक का भाव 123 रुपये प्रति शेयर के आधार पर टूटा है. हालांकि, पिछले महीने के दौरान इसमें 10 फीसदी की तेजी भी आई है. वहीं, साल भर के दौरान स्टॉक का भाव 22 फीसदी तक बढ़ा है. 5 साल के दौरान इसमें 350 फीसदी तक की तेजी आई दर्ज की गई है. कंपनी का मार्केट कैप 10,427 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

Atul Auto

Atul Auto भारत की प्रमुख थ्री-व्हीलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में से एक है. कंपनी डीजल, पेट्रोल, CNG और इलेक्ट्रिक वेरिएंट्स में पैसेंजर और कार्गो वाहनों का निर्माण करती है और घरेलू बाजार के साथ-साथ एक्सपोर्ट में भी मजबूत पकड़ रखती है. इसमें मशहूर निवेशक विजय केडिया की 18.2 फीसदी हिस्सेदारी है.

वित्तीय प्रदर्शन?

कंपनी ने Q3FY26 में शानदार प्रदर्शन किया. रेवेन्यू सालाना आधार पर 18 फीसदी और तिमाही आधार पर 15 फीसदी बढ़कर 231 करोड़ रुपये रहा. नेट प्रॉफिट में YoY 114 फीसदी और QoQ 87 फीसदी की जोरदार वृद्धि हुई, जिससे मुनाफा 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस स्टॉक का Piotroski Score 9 है, जो इसे बेहद मजबूत बनाता है.

शेयर का प्रदर्शन?

शुक्रवार, 27 मार्च को कंपनी के शेयर 3.52 फीसदी की गिरावट के साथ 400.75 रुपये पर बंद हुए. महीने भर के दौरान इसमें 15 फीसदी की गिरावट आई है. पिछले कुछ समय से स्टॉक दबाव में है. साल भर के दौरान शेयर की कीमत 10 फीसदी तक टूटी है. कंपनी का मार्केट कैप 1,150 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

Vaibhav Global

Vaibhav Global एक ओम्नी-चैनल रिटेल कंपनी है, जो फैशन ज्वेलरी और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स बेचती है. कंपनी Shop LC और TJC जैसे शॉपिंग चैनलों के जरिए अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी में लाखों ग्राहकों तक पहुंचती है. इसकी सप्लाई चेन पूरी तरह से इंटीग्रेटेड है. विजय केडिया की इसमें 2.02 फीसदी हिस्सेदारी है.

वित्तीय स्थिति कैसी है?

Q3FY26 में कंपनी का रेवेन्यू सालाना 9 फीसदी और तिमाही 21 फीसदी बढ़कर 1,066 करोड़ रुपये रहा. नेट प्रॉफिट में YoY 40 फीसदी और QoQ 87 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जिससे मुनाफा 90 करोड़ रुपये रहा. कंपनी का Piotroski Score 8 है.

शेयर का हाल?

शुक्रवार, 27 मार्च को स्टॉक  5.41 फीसदी टूटकर 185 रुपये पर बंद हुआ. महीने भर में स्टॉक का भाव 20 फीसदी तक टूटा है. स्टॉक पिछले कुछ समय से काफी दबाव में ट्रेड कर रहे हैं. कंपनी का मार्केट कैप 3,268 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

IFB Agro Industries Ltd

IFB Agro Industries मुख्य रूप से अल्कोहल बेस्ड प्रोडक्ट्स जैसे extra neutral alcohol, rectified spirit और IMFL (Indian Made Foreign Liquor) का प्रोडक्शन और मार्केटिंग करती है. इसके अलावा कंपनी का मरीन बिजनेस भी है, जिसमें झींगा (shrimp) प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट शामिल है. इसमें दिग्गज निवेशक डॉली खन्ना की 1.13 फीसदी हिस्सेदारी है.

कैसी है वित्तीय स्थिति?

हालिया तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 342 करोड़ रुपये रहा, लेकिन QoQ आधार पर 15 फीसदी गिरा. नेट प्रॉफिट में YoY 35 फीसदी और QoQ 67 फीसदी की गिरावट आई, जिससे मुनाफा 7.3 करोड़ रुपये रह गया. इसके बावजूद कंपनी का Piotroski Score 8 बना हुआ है.

शेयर का प्रदर्शन?

शुक्रवार, 27 मार्च को कंपनी का स्टॉक 5 फीसदी टूटकर 723 रुपये पर बंद हुआ. स्टॉक में पिछले कुछ महीनों से गिरावट का सिलसिला जारी है. 3 महीने के दौरान इसमें 48 फीसदी गिरावट आ चुकी है. हालांकि, साल भर के दौरान स्टॉक में 53 फीसदी की तेजी आई. कंपनी का मार्केट कैप 712 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

Indian Hotels Company Ltd (IHCL)

IHCL, जिसे ताज होटल ब्रांड के लिए जाना जाता है, दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी हॉस्पिटैलिटी कंपनियों में से एक है. कंपनी लक्जरी से लेकर प्रीमियम और किफायती होटलों तक का बड़ा पोर्टफोलियो मैनेज करती है, जो भारत समेत कई देशों में फैला हुआ है. इसमें रेखा झुनझुनवाला की करीब 1 फीसदी हिस्सेदारी है.

वित्तीय स्थिति कैसी है?

Q3FY26 में कंपनी का रेवेन्यू सालाना 12 फीसदी और तिमाही 39 फीसदी बढ़कर 2,842 करोड़ रुपये रहा. नेट प्रॉफिट में YoY 50 फीसदी और QoQ 200 फीसदी की जबरदस्त उछाल आई, जिससे मुनाफा 954 करोड़ रुपये हो गया. इस स्टॉक का Piotroski Score 8 है.

कैसी है शेयर की चाल?

IHCL के शेयरों में भी शुक्रवार, 27 मार्च को 4.28 फीसदी की गिरावट आई. 3 महीने के दौरान इसमें 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, साल भर के दौरान स्टॉक का भाव 26 फीसदी तक टूटा है. कंपनी का मार्केट कैप 87,876 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. 

ये भी पढ़ें- HDFC बैंक के पूर्व चेयरमैन के इस्तीफे की सेबी ने शुरू की जांच, 3 फीसदी से ज्याटा टूटे शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.