राम मंदिर के पास कितना है सोना और चांदी, ट्रस्ट ने पहली बार बताई पूरी डिटेल; विवाद के बीच सामने आई जानकारी

अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बताया कि मंदिर के पास मार्च 2026 तक 32.3 किलो सोना और 1518 किलो चांदी सेफ है. ट्रस्ट के मुताबिक अब तक 2926 कीमती वस्तुएं दान में मिली हैं और हर दान का पूरा रिकॉर्ड रखा गया है.

ट्रस्ट ने बताया कि मंदिर के पास मार्च 2026 तक 32.3 किलो सोना और 1518 किलो चांदी सेफ है. Image Credit: money9live

Ram Temple Trust: अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर में मिले सोने और चांदी को लेकर पूरी जानकारी शेयर की है. ट्रस्ट के मुताबिक, मंदिर के पास 32 किलो से ज्यादा सोना और 1518 किलो चांदी सुरक्षित रखी गई है. ट्रस्ट ने कहा कि श्रद्धालुओं की ओर से दान की गई हर कीमती वस्तु का पूरा रिकॉर्ड मौजूद है. यह जानकारी दान में गड़बड़ी के आरोपों के बीच सामने आई है. ट्रस्ट का कहना है कि सभी दान की रेगुलर जांच होती है और कोई भी सामान गायब नहीं है.

ट्रस्ट के पास 32 किलो से ज्यादा सोना

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने बताया कि मार्च 2026 तक मंदिर के पास करीब 32.3 किलो सोना जमा हो चुका है. इसमें मार्च 2024 तक 16.8 किलो सोना मिला था. इसके बाद वर्ष 2024 25 में 10.4 किलो और वर्ष 2025 26 में करीब 5 किलो सोना दान में मिला. यह पूरा सोना ट्रस्ट की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है.

1518 किलो चांदी भी है सुरक्षित

राम मंदिर ट्रस्ट के पास करीब 1518 किलो चांदी मौजूद है. इसमें दान में मिली चांदी की वस्तुएं और करीब 850 किलो शुद्ध चांदी शामिल है. ट्रस्ट ने बताया कि कुछ चांदी की वस्तुओं को सरकारी निगरानी में गलाकर शुद्ध किया गया. इस पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड और शुद्धता का प्रमाण पत्र भी सुरक्षित रखा गया है.

हर दान का रखा जाता है पूरा हिसाब

ट्रस्ट के अनुसार मंदिर में मिलने वाले हर दान का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है. इसमें दान देने वाले का नाम, दान की तारीख और वस्तु का डिटेल दर्ज किया जाता है. हर दानदाता को रसीद भी दी जाती है. ट्रस्ट का कहना है कि सभी कीमती वस्तुओं की हर साल इंडिपेंडेंट चार्टर्ड अकाउंटेंट से फिजिकल जांच भी कराई जाती है.

2926 कीमती समान सुरक्षित

ट्रस्ट ने बताया कि अब तक मंदिर को 2926 कीमती वस्तुएं दान में मिल चुकी हैं. इनमें सोने और चांदी के ज्वेलरी, मुकुट, हार, चांदी की ईंटें और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं शामिल हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर जिन चांदी की वस्तुओं को लेकर सवाल उठे थे, उन्हें भी ट्रस्ट ने मीडिया के सामने दिखाया और सुरक्षित होने का दावा किया.

यह भी पढ़ें- E25 पेट्रोल का प्लान अभी नहीं होगा लागू, सरकार ने दी सफाई, कहा- अभी जारी है टेस्ट

विवाद के बाद ट्रस्ट ने उठाए नए कदम

दान में गड़बड़ी के आरोपों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल का गठन किया है. मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है. इसके तहत एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी ताकि मंदिर के कामकाज और वित्तीय व्यवस्था की बेहतर निगरानी हो सके.