TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

RBI तेजी से क्यों खरीद रहा है सोना, 876 टन हुआ देश का गोल्ड रिजर्व

रिपोर्ट में कहा गया है कि पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBoC) ने छह महीने के अंतराल के बाद फिर से सोना खरीदना शुरू कर दिया है. उसने अपने भंडार में 5 टन सोना जोड़ा है. अब इसकी कुल रिपोर्ट की गई गोल्ड होल्डिंग 2,264 टन (कुल भंडार का 5 प्रतिशत) हो गई है.

देश के गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी. Image Credit: OsakaWayne Studios/Moment/Getty Images

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बहुत तेजी अपने भंडार में सोना जुटा रहा है. केवल बीते नवंबर महीने में RBI ने अपने भंडार में 8 टन सोना जमा किया है. इससे देश का गोल्ड रिजर्व 876 टन पर पहुंच गया है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ही नहीं पूरे विश्व के केंद्रीय बैंक तेजी से सोना खरीद रहे हैं. नवंबर 2024 में दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने सामूहिक रूप से अपने भंडार में 53 टन सोना जोड़ा, जिसमें RBI की हिस्सेदारी 8 टन है.

रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते पूरे विश्व के केंद्रीय बैंक सुरक्षित संपत्ति के रूप में सोना खरीद रहे हैं. डब्ल्यूजीसी ने कहा है कि अमेरिकी चुनाव के बाद नवंबर में सोने की कीमत में गिरावट आई. इसके बाद कुछ केंद्रीय बैंकों ने बहुत तेजी से सोने की खरीद की. WGC ने आगे बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2024 में अपनी खरीद का सिलसिला जारी रखा है, नवंबर में अपने स्वर्ण भंडार में 8 टन और जोड़ दिया है. इससे वर्ष-दर-वर्ष खरीद बढ़कर 73 टन हो गई और कुल स्वर्ण धारण 876 टन हो गया.

भारत दूसरा सबसे बड़ा खरीदार

पीटीआई के मुताबिक, भारत 2024 में पोलैंड के बाद दूसरा सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा है. WGC के अनुसार, नवंबर में नेशनल बैंक ऑफ पोलैंड (NBP) एक प्रमुख खरीदार था, जिसने नवंबर में अपने स्वर्ण भंडार में 21 टन की वृद्धि की. अब उसके भंडार में कुल 448 टन सोना जमा हो गया है.

ये भी पढ़ें- GST विवाद पर गुजरात हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जमीन लीज ट्रांसफर पर टैक्स खत्म?

उज्बेकिस्तान के स्वर्ण भंडार में इजाफा

इस महीने के दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ उज्बेकिस्तान के स्वर्ण भंडार में 9 टन की वृद्धि हुई. रिपोर्ट में कहा गया है कि बैंक की वर्ष-दर-वर्ष शुद्ध खरीद 11 टन और कुल स्वर्ण धारण 382 टन थी. इस बीच, कजाकिस्तान के राष्ट्रीय बैंक ने अपने स्वर्ण भंडार में 5 टन की वृद्धि की, जो लगातार दूसरे महीने की खरीद है. इसके चलते बैंक 295 टन की कुल स्वर्ण होल्डिंग के साथ शुद्ध खरीदार बन गया है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBoC) ने छह महीने के अंतराल के बाद स्वर्ण खरीद फिर से शुरू की है, अपने भंडार में 5 टन सोना जोड़कर इसकी कुल रिपोर्ट की गई स्वर्ण होल्डिंग 2,264 टन (कुल भंडार का 5 प्रतिशत) हो गई है. सेंट्रल बैंक ऑफ जॉर्डन द्वारा प्रकाशित आंकड़ों से पता चलता है कि नवंबर में इसके स्वर्ण भंडार में 4 टन से अधिक की वृद्धि हुई है. जिससे इसकी स्वर्ण होल्डिंग 73 टन हो गई है.

स्वर्ण भंडार में 3 टन की वृद्धि

सेंट्रल बैंक ऑफ तुर्की ने नवंबर 2024 के दौरान अपने स्वर्ण भंडार में 3 टन की वृद्धि की, और तरलता का प्रबंधन करने के लिए घरेलू वाणिज्यिक बैंकों के साथ रिवर्स स्वैप समझौते (लीरा के लिए सोना) भी किए. चेक नेशनल बैंक के पास मौजूद सोने के भंडार में नवंबर में लगभग 2 टन की वृद्धि हुई, जिससे सोने की होल्डिंग 50 टन से थोड़ी अधिक हो गई है.

ये भी पढ़ें- Gold Price: सोना हुआ सस्ता, कीमत में भारी गिरावट; चांदी की चमक बरकरार

घाना ने लॉन्च किया गोल्ड कॉइन

WGC ने कहा कि बैंक ऑफ घाना ने अपने घरेलू सोने की खरीद कार्यक्रम के हिस्से के रूप में अपना सोना संचय जारी रखा, नवंबर में 1 टन जोड़ा, जिससे इसकी साल-दर-साल शुद्ध खरीद कुल 10 टन हो गई. साथ ही कुल सोने की होल्डिंग 29 टन हो गई. बैंक ने अर्थव्यवस्था को स्थिर करने और घाना के सोने के भंडार में निवेश को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों के तहत महीने के दौरान जनता के लिए घाना गोल्ड कॉइन भी लॉन्च किया. इस बीच, सिंगापुर का मौद्रिक प्राधिकरण महीने का सबसे बड़ा विक्रेता था, जिसने अपने सोने के भंडार को 5 टन कम कर दिया, जिससे साल-दर-साल शुद्ध बिक्री 7 टन और कुल सोने की होल्डिंग 223 टन हो गई.