TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

सत्य नडेला ने पीएम मोदी से की मुलाकात, भारत के AI सेक्टर में ₹1.46 लाख करोड़ का निवेश करेगी माइक्रोसॉफ्ट

माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद भारत के एआई भविष्य को समर्थन देने के लिए 17.5 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की, जो एशिया में कंपनी का सबसे बड़ा निवेश है. माइक्रोसॉफ्ट 2030 तक 1 करोड़ भारतीयों को एआई स्किल्स में प्रशिक्षित करेगा और 2026 के बाद भी डेटा सेंटर निवेश जारी रहेगा.

प्रधानमंत्री मोदी के साथ सत्या नडेला Image Credit: सोशल मीडिया

माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और भारत के एआई भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा की. यह इस वर्ष नडेला की भारत की दूसरी यात्रा है. मुलाकात के बाद नडेला ने कहा कि भारत की एआई क्षमता बेहद प्रेरणादायक है और इसी दिशा में माइक्रोसॉफ्ट भारत में 17.5 अरब डॉलर (करीब ₹1.46 लाख करोड़) का निवेश करेगी.यह एशिया में माइक्रोसॉफ्ट का अब तक का सबसे बड़ा निवेश होगा.

मुलाकात के बाद क्या बोले नडेला

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सत्य नडेला ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत की एआई संभावना पर पीएम मोदी के साथ प्रेरणादायक बातचीत हुई. भारत की महत्वाकांक्षाओं का समर्थन करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट 17.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर निवेश कर रही है- जो एशिया में हमारा सबसे बड़ा निवेश है. इसका उद्देश्य भारत के लिए एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर, कौशल और संप्रभु क्षमताओं का निर्माण करना है.”

पीएम मोदी ने भी दी प्रतिक्रिया

नडेला के पोस्ट को शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “जब बात एआई की आती है तो दुनिया भारत को उम्मीद के नजरिए से देख रही है. सत्य नडेला के साथ बेहद प्रोडक्टिव बातचीत हुई. प्रसन्नता है कि भारत वह देश बनेगा जहां माइक्रोसॉफ्ट एशिया में अपना सबसे बड़ा निवेश करेगी. भारत के युवा इनोवेशन और एआई की शक्ति का उपयोग एक बेहतर प्लेनेट बनाने में करेंगे.”

1 करोड़ भारतीय को AI ट्रेनिंग देगी माइक्रोसॉफ्ट

माइक्रोसॉफ्ट ने हाल ही में यह भी पुष्टि की थी कि कंपनी 2030 तक भारत में 1 करोड़ (10 मिलियन) युवाओं को एआई स्किल्स में ट्रेंड करेगी. कंपनी ने बताया कि पिछले 10 महीनों में 56 लाख भारतीयों को प्रशिक्षण देकर वह इस लक्ष्य के आधे रास्ते तक पहुंच चुकी है.

डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के अध्यक्ष पुनीत चंडोक ने हाल ही में ‘मिंट’ को बताया था कि कंपनी 2026 के बाद भी भारत में एआई-रेडी डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि कंपनी के 3 अरब डॉलर निवेश कार्यक्रम के अनुसार हैदराबाद में विशाल डेटा सेंटर जून 2026 तक लाइव हो जाएगा. यह डेटा सेंटर मुंबई, पुणे और चेन्नई के मौजूदा हब्स के साथ जोड़ा जाएगा. इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ साझेदारी में महाराष्ट्र और गुजरात में दो जियो-एज्योर रीजन भी स्थापित किए जा रहे हैं.

चंडोक ने कहा, “हमारे सभी डेटा सेंटर एआई-रेडी हैं. हमारी निवेश नीति एपिसोडिक नहीं, बल्कि स्ट्रक्चरल है—हम आगे भी निवेश बढ़ाते रहेंगे और अगले सप्ताह इस दिशा में और विस्तार की घोषणा करेंगे.”