TRAI का जियो पर सख्त एक्शन! सभी टैरिफ प्लान हर प्लेटफॉर्म पर दिखाने का आदेश, भेदभावपूर्ण रवैया बर्दाश्त नहीं
मोबाइल रिचार्ज से जुड़ा एक अहम फैसला सामने आया है, जो करोड़ों यूजर्स को प्रभावित कर सकता है. रेगुलेटर ने कुछ टैरिफ प्लान्स को लेकर सख्त रुख अपनाया है और कंपनियों को नियमों के पालन के लिए निर्देश दिए हैं. इससे यूजर्स के लिए विकल्प बदल सकते हैं.

TRAI action on Jio: देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो को टेलीकॉम रेगुलेटर TRAI ने कुछ टैरिफ प्लान्स को लेकर नोटिस दिया जिसके तहत उन्हें अपने सिस्टम में बदलाव करने होंगे. रेगुलेटर का कहना है कि जियो के कुछ ऑफर्स पारदर्शिता के नियमों का उल्लंघन करते हैं और सभी यूजर्स के लिए समान नहीं हैं.
TRAI को क्या मिला जांच में?
TRAI ने अपने आदेश में साफ कहा है कि जियो के कुछ स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) सभी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं थे. जांच में पाया गया कि ₹249 और ₹199 वाले प्लान सिर्फ जियो स्टोर्स पर मिल रहे थे, जबकि ₹209 वाला प्लान केवल MyJio ऐप पर उपलब्ध था.
TRAI ने जियो के उन प्लान्स पर भी सवाल उठाया है, जो सिर्फ Jio Phone और Jio Bharat यूजर्स के लिए ही उपलब्ध थे. रेगुलेटर ने इसे भेदभावपूर्ण माना है, क्योंकि इससे बाकी यूजर्स इन प्लान्स का फायदा नहीं उठा पाते.
24 मार्च 2026 को जारी TRAI के आदेश के मुताबिक, यह पारदर्शिता के नियमों का उल्लंघन है, क्योंकि हर प्लान को हर प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होना चाहिए. TRAI ने 18 सितंबर 2020 के अपने आदेश का हवाला देते हुए कहा कि सभी टेलीकॉम कंपनियों को हर टैरिफ प्लान, चाहे वह स्पेशल वाउचर हो, कॉम्बो पैक या ऐड-ऑन, को कस्टमर केयर सेंटर, रिटेल स्टोर, वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध कराना जरूरी है.
जियो को क्या करना होगा?
TRAI ने जियो को 21 दिनों के भीतर (यानी 14 अप्रैल तक) दो बड़े निर्देशों का पालन करने को कहा है.
- पहला, कंपनी को अपने सभी टैरिफ प्लान्स, जिसमें ये तीनों स्पेशल वाउचर भी शामिल हैं, हर प्लेटफॉर्म जैसे रिटेल स्टोर, कस्टमर केयर, वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध कराने होंगे.
- दूसरा, जियो को अपने डिवाइस-न्यूट्रल प्लान्स में बदलाव करना होगा. अभी कुछ प्लान्स सिर्फ Jio Phone और Jio Bharat यूजर्स के लिए ही हैं, जिन्हें अब सभी डिवाइस यूजर्स के लिए उपलब्ध कराना होगा.
यह भी पढ़ें: RBI MPC Meeting 2026: EMI, लोन और महंगाई पर बड़ा फैसला 8 अप्रैल को, जानिए क्या हो सकता है असर
जांच कैसे शुरू हुई?
TRAI ने अगस्त 2025 में जांच शुरू की थी, जब जियो ने कुछ एंट्री-लेवल प्लान्स को बंद कर दिया था और कहा था कि ये केवल उसके खुद के स्टोर्स पर उपलब्ध हैं. इसके बाद रेगुलेटर ने मामले की गहराई से जांच की.
इस फैसले के बाद यूजर्स के लिए रिचार्ज प्लान्स को समझना और चुनना आसान हो सकता है. अब उन्हें किसी खास प्लेटफॉर्म पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.