एक कॉल ने कर दिया कंगाल, CBI बनकर ठगों ने 71 लाख रुपये उड़ाए; चेक करें पूरी डिटेल

महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को CBI अधिकारी बनकर ठगों ने लाखों रुपये का चूना लगा दिया. इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि थोड़ी सी लापरवाही कितनी बड़ी आर्थिक नुकसान में बदल सकती है.

Cyber crime Image Credit: Canva/ Money9

Cyber Crime: आज के डिजिटल दौर में जहां हर काम ऑनलाइन हो रहा है, वहीं साइबर ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं. लोग फोन कॉल, मैसेज और फर्जी दस्तावेज के जरिए आसानी से ठगों के जाल में फंस जाते हैं. खास बात यह है कि अब ठग खुद को बड़े सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और उनसे पैसे ऐंठ लेते हैं.

ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र के ठाणे जिले से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को CBI अधिकारी बनकर ठगों ने लाखों रुपये का चूना लगा दिया. इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि थोड़ी सी लापरवाही कितनी बड़ी आर्थिक नुकसान में बदल सकती है.

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, ठाणे के डोंबिवली में रहने वाले 42 साल के व्यक्ति को मार्च के पहले हफ्ते में एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को TRAI का अधिकारी बताया और कहा कि उस व्यक्ति पर महिलाओं को गलत मैसेज भेजने का आरोप है. इसके बाद दो लोगों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया. उन्होंने कहा कि उसके बैंक ट्रांजैक्शन संदिग्ध हैं और ED समेत कई एजेंसियां जांच करेंगी. डराने के लिए ठगों ने सुप्रीम कोर्ट के नाम से फर्जी दस्तावेज भी भेजे.

किस्तों में वसूले लाखों रुपये

ठगों ने कहा कि अगर वह पैसे दे देगा तो मामला खत्म कर दिया जाएगा और पैसे वापस कर दिए जाएंगे. डर के कारण पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 71.1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. जब पीड़ित ने अपनी पत्नी को इस बारे में बताया, तो उन्होंने दस्तावेज की जांच की. जांच में गड़बड़ी सामने आई और तब पता चला कि यह पूरा मामला ठगी का है.

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले में तिलक नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि ऐसे किसी भी कॉल या मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें और पहले पूरी जांच जरूर करें.

यह भी पढ़ें: इस AI स्टॉक ने निवेशकों को लौटाए ₹650 करोड़, क्या बनेगा डिविडेंड का अगला बादशाह? 5% यील्ड वाला यह स्टॉक कितना भरोसेमंद