ट्रंप टैरिफ के खिलाफ फैसला आते ही सोने-चांदी में रॉकेट सी रफ्तार, 9% तक उछला सिल्वर, जानें गोल्ड का हाल

अमेरिका से आई एक बड़ी कानूनी खबर के बाद इंटरनेशनल मार्केट में तेज हलचल दिखी है. एक ही दिन में सोना 2% से ज्यादा मजबूत हुआ, जबकि चांदी ने उससे कहीं बड़ी छलांग लगाई. इन ग्लोबल आंकड़ों का असर घरेलू बाजार की चाल पर भी नजर बनाए हुए है.

सोना और चांदी की कीमतों में तेजी Image Credit: money9 live

ट्रंप ट्रैरिफ के खिलाफ अमेरिकी कोर्ट का फैसला इस वक्त ग्लोबल फाइनेंशियल मार्केट में सबसे ज्यादा चर्चा में है. डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ आए कोर्ट के फैसले के बाद निवेशकों की चिंता एक बार फिर बढ़ी है और इसका सीधा असर सेफ-हेवन माने जाने वाले सोने और चांदी पर देखने को मिला है. जैसे ही अनिश्चितता का माहौल बना, इंटरनेशनल मार्केट में इन कीमती धातुओं की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया.

इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी की तेज चाल

सोर्स- goldprice.org

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत में एक ही दिन में मजबूत तेजी देखी गई है. स्पॉट गोल्ड करीब 2.5 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 5,100 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया. ट्रेडिंग चार्ट साफ तौर पर दिखाता है कि दिनभर सोने में लगातार खरीदारी बनी रही और बाजार बंद होने तक कीमतें ऊपरी स्तर पर टिक गईं. यह तेजी इस बात का संकेत है कि ग्लोबल निवेशक फिलहाल रिस्क वाले एसेट्स से दूरी बनाकर सुरक्षित विकल्पों की ओर शिफ्ट हो रहे हैं.

स्पॉट चांदी की बात करें तो इसमें सोने से भी ज्यादा तेज मूवमेंट देखने को मिला. इंटरनेशनल मार्केट में सिल्वर करीब 8 से 9 प्रतिशत की छलांग लगाकर 84 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गई. आमतौर पर चांदी में इतनी तेज दैनिक तेजी कम ही देखने को मिलती है. इसका मतलब यह है कि सिर्फ निवेशक ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्रियल डिमांड और सट्टेबाजी दोनों का असर इस उछाल में शामिल रहा.

भारतीय बाजार में सोने का भाव

अगर घरेलू बाजार की बात करें तो भारत में भी सोने की कीमतों में हल्की मजबूती दर्ज की गई है. गुडरिटर्न्स वेबसाइट के मुताबिक, शनिवार को शुरुआती कारोबार में 24 कैरेट सोने की कीमत 10 रुपये बढ़कर 10 ग्राम के लिए 1,57,380 रुपये पर पहुंच गई. मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना इसी स्तर पर ट्रेड कर रहा है, जबकि चेन्नई में इसका भाव 1,57,300 रुपये रहा. दिल्ली में 24 कैरेट सोना थोड़ा महंगा होकर 1,57,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.

22 कैरेट सोने की बात करें तो इसमें भी 10 रुपये की मामूली बढ़त देखने को मिली है. मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में 10 ग्राम 22 कैरेट सोना 1,44,260 रुपये पर बिक रहा है. चेन्नई में इसका भाव 1,44,190 रुपये और दिल्ली में 1,44,410 रुपये दर्ज किया गया.

यह भी पढ़ें: भारत पर अब केवल लगेगा 10% टैरिफ, जानें किस सेक्टर को मिलेगी बड़ी राहत

चांदी के दाम में हल्की नरमी

जहां एक ओर इंटरनेशनल मार्केट में चांदी में जोरदार उछाल है, वहीं भारतीय बाजार में शनिवार को चांदी की कीमत में 100 रुपये की गिरावट देखने को मिली. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में एक किलो चांदी का भाव 2,69,900 रुपये दर्ज किया गया. यह अंतर दिखाता है कि घरेलू बाजार में अभी इंटरनेशनल तेजी का पूरा असर नहीं आया है.