मिडिल ईस्ट में जारी लड़ाई के बीच भारत ने किया अलर्ट, इन देशों में रहने वाले भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी
मिडिल ईस्ट में इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर संयुक्त हमले के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. इजरायल में आपातकाल घोषित किया गया है. भारत ने ईरान, इजरायल और यूएई में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और दूतावास के साथ रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है.
US-Israel Attack Iran: मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बदल रहे हैं. इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर संयुक्त “preemptive strike” के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है. इजरायल ने देशभर में तत्काल आपातकाल घोषित कर दिया है. इसी बीच भारत सरकार ने ईरान, इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और सभी से बेहद सतर्क रहने की अपील की है.
इजरायल में 40,000 से अधिक भारतीय, रजिस्ट्रेशन की अपील
इजरायल में इस समय 40,000 से अधिक भारतीय नागरिक रह रहे हैं और काम कर रहे हैं. तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों से तुरंत रजिस्ट्रेशन कराने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे तुरंत संपर्क कर सहायता दी जा सके.
दूतावास ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट कर कहा है कि जो भारतीय अब तक रजिस्टर नहीं हुए हैं, वे इस लिंक के जरिए पंजीकरण करें:
https://indembassyisrael.gov.in/indian_nationa
दूतावास ने साफ कहा है कि रजिस्ट्रेशन से तेजी से संपर्क और जरूरी सहायता देना संभव होगा.
इजरायल में भारतीयों के लिए क्या निर्देश ?
भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक “utmost caution” बरतें और हर समय सतर्क रहें.
नागरिकों को इजरायली प्रशासन और Home Front Command द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है.
उन्हें अपने घर या वर्कप्लेस के पास मौजूद निर्धारित शेल्टर के नजदीक रहने और अपने इलाके के सुरक्षित स्थानों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है. अगली सूचना तक इजरायल के भीतर सभी गैर-जरूरी और अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है. दूतावास ने कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और जरूरत के अनुसार अपडेट जारी करता रहेगा.
ईरान में भारतीयों के लिए एडवाइजरी
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है एडवाइजरी में कहा गया है कि विकसित हो रहे हालात को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक अत्यधिक सावधानी बरतें, गैर-जरूरी यात्रा से बचें और जितना संभव हो घरों के अंदर रहें. साथ ही समाचारों पर नजर रखें और दूतावास के आगे के निर्देशों का इंतजार करें.
दूतावास ने अपने आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं:
+989128109115
+989128109109
+989128109102
+989932179359
यूएई में भी भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह
ईरान की ओर से मिसाइल हमलों के बाद अबू धाबी में एक व्यक्ति की मौत हुई है. इसके बाद अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने भी एडवाइजरी जारी की है.
एडवाइजरी में कहा गया है कि मौजूदा क्षेत्रीय हालात को देखते हुए संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे सभी भारतीय नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें, सतर्क रहें और यूएई प्रशासन व भारतीय दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें.
आपात स्थिति में भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
टोल फ्री नंबर: 800-46342
व्हाट्सएप: +971 54 309 0571
दूतावास ने कहा है कि अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास और दुबई स्थित कॉन्सुलेट जनरल सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार आगे भी अपडेट जारी किए जाएंगे.
