T20 में साउथ अफ्रीका से भी बड़ी हार झेल चुका है भारत, इस छोटे देश ने दी थी शिकस्त; ये हैं अब तक की 4 सबसे बड़ी हार
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर 8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हरा दिया. यह हार T20 WC के इतिहास में भारत की रनों के हिसाब से सबसे बड़ी हार बन गई है. इससे पहले भारत को इतनी बड़ी हार कभी नहीं मिली थी.
India vs South Africa: टी20 क्रिकेट में भारत को हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसने फैंस को झकझोर दिया. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह भारत की सबसे बड़ी हार नहीं है. इससे पहले भी टीम इंडिया को एक छोटे देश के खिलाफ इससे भी बड़ी हार मिली थी, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया था. टी20 इंटरनेशनल में भारत ने कई यादगार जीत दर्ज की हैं, लेकिन कुछ ऐसे मुकाबले भी रहे हैं जहां टीम को बड़ी शिकस्त झेलनी पड़ी. इन हारों ने टीम की कमजोरियों को उजागर किया और बड़े सवाल खड़े किए. आइए जानते हैं टी20 क्रिकेट में भारत की अब तक की 4 सबसे बड़ी हार, जहां टीम इंडिया को 80 रनों के बड़े अंतर से हार मिली.
T20 WC में भारत की सबसे बड़ी हार
भारत को इस मैच में 76 रन से हार मिली, जो टी20 वर्ल्ड कप में उसकी सबसे बड़ी हार है. इससे पहले भारत को साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 49 रन और 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 47 रन से हार मिली थी. वहीं टी20 इंटरनेशनल में भारत की सबसे बड़ी हार 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रन से हुई थी.
| मैच | जगह | साल | हार (रनों से) |
|---|---|---|---|
| T20I में सबसे बड़ी हार भारत vs न्यूजीलैंड | विशाखापट्टनम | 2019 | 80 रन |
| भारत vs साउथ अफ्रीका | अहमदाबाद | 2026 | 76 रन |
| भारत vs ऑस्ट्रेलिया | ब्रिजटाउन | 2010 | 49 रन |
| भारत vs न्यूजीलैंड | नागपुर | 2016 | 47 रन |
साउथ अफ्रीका की शानदार बल्लेबाजी
साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाया. डेविड मिलर ने 35 गेंद में 63 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 44 रन बनाए. इन बल्लेबाजों ने खासकर मिडिल ओवर में भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया.
भारत की गेंदबाजी इस मैच में कमजोर रही. वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने मिलकर 4 ओवर में 49 रन दे दिए. वरुण चक्रवर्ती ने भी 47 रन खर्च किए. हालांकि जसप्रीत बुमराह ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया और टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए.
भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बहुत खराब रही. ईशान किशन बिना खाता खोले आउट हो गए. तिलक वर्मा सिर्फ 1 रन बना सके. अभिषेक शर्मा 15 रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान सूर्यकुमार यादव भी धीमी पारी खेलते हुए 22 गेंद में सिर्फ 18 रन बना सके.
साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. मार्को जानसन ने 4 विकेट लिए. वहीं केशव महाराज ने एक ही ओवर में हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह और अक्षर पटेल को आउट कर दिया, जिससे भारत की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं. इस हार के बाद टीम इंडिया पर दबाव बढ़ गया है.
