अब चढ़ेगा पारा! उत्तर भारत समेत कई राज्यों में 6 से 8 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान, यूपी-दिल्ली में गर्मी का अलर्ट
देश में मौसम भले ही स्थिर नजर आ रहा हो, लेकिन गर्मी लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इसका असर और ज्यादा महसूस होगा. खासकर उत्तर भारत, यूपी और दिल्ली में तापमान तेजी से ऊपर जाएगा, जिससे लोगों को गर्मी से बचने के उपाय करने होंगे.
IMD Weather Alert: देश के मौसम को लेकर जो ताजा जानकारी सामने आई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि राहत रहेगी. दरअसल, मौसम स्थिर रहने के साथ-साथ तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी और मध्य भारत में यह बढ़ोतरी 3 से 5 डिग्री तक रहने की संभावना है. इसका असर यह होगा कि आने वाले दो दिनों के बाद इन इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच जाएगा और गर्मी का असर ज्यादा महसूस होने लगेगा.
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी, तेजी से चढ़ेगा पारा
IMD के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है और यहां गर्मी का असर साफ तौर पर दिखेगा. अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि रात का तापमान यानी न्यूनतम तापमान भी 4 से 6 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. इसके पीछे एक प्रमुख कारण पश्चिमी विक्षोभ है, जो इस समय उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के आसपास एक्टिव है.
इस सिस्टम के कारण ऊपरी स्तर पर हवाओं का एक ट्रफ बना हुआ है, जो मौसम को प्रभावित कर रहा है. यही वजह है कि मौसम में स्थिरता होने के बावजूद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. इसके अलावा 15 अप्रैल 2026 से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन फिलहाल गर्मी का असर ही ज्यादा रहेगा.
दिल्ली-NCR में दिन-ब-दिन बढ़ेगी गर्मी का असर
दिल्ली-NCR की बात करें तो यहां पिछले 24 घंटों में ही तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहा. हालांकि अब आने वाले दिनों में यह बढ़ोतरी और तेज हो जाएगी. 12 अप्रैल को तापमान और बढ़कर 35 से 37 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रहेगा.
13 अप्रैल को गर्मी और तेज होगी, जहां अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं 14 अप्रैल तक आते-आते तापमान 37 से 39 डिग्री तक जा सकता है, जो सामान्य से ऊपर रहेगा. इसका मतलब है कि दिल्ली में गर्मी लगातार अपने तेवर दिखाएगी और लोगों को दिन के समय ज्यादा सावधानी बरतनी होगी.
देश के कई हिस्सों में बदला मौसम का मिजाज
हालांकि जहां एक तरफ उत्तर भारत में गर्मी बढ़ रही है, वहीं देश के कई दूसरे हिस्से में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अलग रूप दिखाया है. पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज आंधी-तूफान के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं.
क्यों बदल रहा है मौसम?
अगर मौसम के पीछे काम कर रहे सिस्टम को समझें, तो इस समय कई सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं. उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के आसपास पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जो ऊपरी स्तर की हवाओं को प्रभावित कर रहा है. इसके अलावा बिहार से मणिपुर तक एक ट्रफ फैला हुआ है, जो पूर्वी हिस्सों में मौसम को प्रभावित कर रहा है.
आने वाले दिनों में तापमान का साफ संकेत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 12 से 17 अप्रैल के बीच तापमान में 6 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी. मध्य भारत में 14 अप्रैल तक 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जाएगी, जबकि पूर्वी भारत में 15 अप्रैल तक इतनी ही बढ़ोतरी होने की संभावना है. गुजरात और महाराष्ट्र में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है.
इसे भी पढ़ें- ₹1 लाख तक की सब्सिडी, 100% टैक्स फ्री… दिल्ली EV पॉलिसी में आम लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा; चेक करें डिटेल
Latest Stories
EMI भरने के लिए Rapido चला रहा यह इंजीनियर, खरीदा था 1.4 करोड़ का घर, छूट गई 40 LPA की नौकरी
अब धधकेगा मौसम! यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में 7 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, पहाड़ों में बारिश-ओले का अलर्ट
समय रैना का क्रिप्टिक मैसेज, क्या फिर से शुरू हो रहा है India’s Got Latent! जानें यूट्यूब से कितनी है कमाई
