मौसम का महाअलर्ट! UP से दिल्ली तक बारिश-आंधी का दौर जारी, कई राज्यों में गिरा पारा
IMD के मुताबिक आने वाले कुछ दिन यूपी और दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए अहम रहने वाले हैं, जहां एक तरफ तापमान में गिरावट दिखेगी तो वहीं दूसरी तरफ आंधी-बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है. देश के कई हिस्सों में लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हैं. इसी वजह से उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश का दौर जारी रहने वाला है.
IMD Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. खासकर उत्तर भारत में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ने वाली हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिन यूपी और दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए अहम रहने वाले हैं, जहां एक तरफ तापमान में गिरावट दिखेगी तो वहीं दूसरी तरफ आंधी-बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है.
उत्तर भारत में क्यों बदला मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार देश के कई हिस्सों में लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हैं. इसी वजह से उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश का दौर जारी रहने वाला है. इसका असर मैदानों तक भी साफ दिखेगा. पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान और दिल्ली जैसे राज्यों में आंधी-बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
यूपी में अगले 7 दिनों का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदलने वाला है. अगले 24 से 48 घंटों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की अचानक गिरावट देखने को मिल सकती है. इसके बाद तापमान फिर से 5 से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें भी अगले 48 घंटों में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी में 20 मार्च को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर दिख सकता है, जबकि पूर्वी यूपी में 20 मार्च को ऐसे हालात बन सकते हैं.
बीते 24 घंटों में यूपी के बांदा में 39.8°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो काफी ऊंचा रहा. लेकिन अब मौसम के बदले मिजाज से इसमें गिरावट तय मानी जा रही है.
देश के दूसरे हिस्सों में क्या हाल?
सिर्फ उत्तर भारत ही नहीं, बल्कि मध्य और पूर्वी भारत में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का असर 22 मार्च तक जारी रहने वाला है. मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में 19 और 20 मार्च के दौरान ओलावृष्टि की संभावना है. वहीं पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे नुकसान की आशंका भी बनी हुई है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
21 और 22 मार्च को आसमान बादलों से ढका रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है और झोंकों में यह 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तापमान की बात करें तो 19 मार्च को अधिकतम तापमान 26 से 28°C के बीच रहेगा.
इसे भी पढ़ें- IPL से पहले बेटिंग प्लेटफार्म पर सरकार की सख्ती, 300 अवैध वेबसाइट-ऐप ब्लॉक; अब तक 8400 पर एक्शन
अच्छी खबर यह है कि अगले एक हफ्ते तक देश के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव यानी लू जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है.
लगातार आ रहे मौसम सिस्टम के कारण दिन का तापमान सामान्य या उससे नीचे बना रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी.
