एयरलाइंस पर ट्रिपल मार! एयरस्पेस बंद, फ्यूल महंगा और बीमा प्रीमियम आसमान पर, इन वजहों से महंगी हो रही है हवाई यात्रा

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर साफ दिखने लगा है. DGCA ने 9 देशों के एयरस्पेस से बचने को कहा है, जिससे उड़ानें लंबी और महंगी हो रही हैं. ईंधन और बीमा लागत बढ़ने से एयरलाइंस ने टिकट पर सरचार्ज भी बढ़ा दिया है.

डीजीसीए और एयरलाइंस Image Credit: @Canva/Money9live

पश्चिम एशिया में जारी तनाव अब सिर्फ भू-राजनीतिक मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि इसका सीधा असर हवाई यात्रा और यात्रियों की जेब पर दिखने लगा है. अचानक एयरस्पेस बंद होना, ईंधन की बढ़ती कीमतें और महंगा बीमा, इन सबने एयरलाइंस के ऑपरेशन को जटिल बना दिया है. हालात इतने अनिश्चित हैं कि उड़ानों का संचालन अब हर दिन नए जोखिमों और फैसलों के साथ करना पड़ रहा है.

9 देशों के एयरस्पेस से दूरी का निर्देश

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एविएशन रेगुलेटर DGCA ने एयरलाइंस को साफ निर्देश दिए हैं कि वे बहरीन, ईरान, इराक, इजरायल, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, कतर और UAE के एयरस्पेस से फिलहाल दूर रहें. यह एडवाइजरी 28 मार्च तक लागू रहेगी.

हालांकि, ओमान और सऊदी अरब के ऊपर उड़ान की अनुमति है, लेकिन इसके लिए भी सख्त शर्तें रखी गई हैं, जैसे 32,000 फीट से नीचे उड़ान नहीं भर सकते. DGCA ने यह भी कहा है कि अगर कोई एयरलाइन इन इलाकों में ऑपरेट करना चाहती है, तो उसे मजबूत सुरक्षा प्लान तैयार करना होगा.

उड़ानों पर बढ़ा अनिश्चितता का खतरा

एयरलाइन क्रू के मुताबिक, हालात बहुत तेजी से बदल रहे हैं. कई बार ऐसा हुआ है कि फ्लाइट को लैंडिंग से पहले हवा में ही इंतजार करना पड़ा, क्योंकि अचानक एयरस्पेस या एयरपोर्ट बंद कर दिया गया. इससे न सिर्फ देरी बढ़ रही है, बल्कि ऑपरेशन की लागत भी बढ़ रही है.

बीमा और ईंधन लागत में तेज उछाल

जंग के बाद एयरलाइंस के लिए बीमा खर्च काफी बढ़ गया है.

  • नैरो-बॉडी विमान के लिए एक राउंड ट्रिप पर करीब 30-40 लाख रुपये का अतिरिक्त ‘वार प्रीमियम’
  • वाइड-बॉडी विमान के लिए यह खर्च 90 लाख से 1 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा है

इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) महंगा हो गया है, जो एयरलाइंस की कुल लागत का करीब 40% होता है.

यात्रियों पर बढ़ता बोझ

बढ़ती लागत को देखते हुए एयरलाइंस ने टिकट पर फ्यूल सरचार्ज लगाना शुरू कर दिया है. इसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ रहा है.

  • एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू टिकट पर 399 रुपये तक का सरचार्ज लगाया है
  • इंडिगो 425 से 2300 रुपये तक चार्ज कर रही है
  • अकासा एयर भी 199 से 1300 रुपये तक वसूल रही है

यह भी पढ़ें: $107 पहुंचा कच्चा तेल! 35 साल के ट्रेंड से समझें अब कब मिलेगी राहत, महंगाई में सबसे ज्यादा झुलसते हैं ये सेक्टर्स

मुनाफे पर दबाव, आगे और असर संभव

रेटिंग एजेंसी Moody’s के मुताबिक, बढ़ती ईंधन लागत और ऑपरेशन में बाधाएं एयरलाइंस की कमाई पर दबाव डालेंगी. खासकर वे कंपनियां ज्यादा प्रभावित होंगी, जिनका मार्जिन पहले से कम है या जो ईंधन की कीमतों को हेज नहीं करतीं.