रजाई-स्वेटर रखने में जल्दी तो नहीं कर दी! अगले 3 दिनों तक UP-दिल्ली समेत इन राज्यों में आंधी और ओले का अलर्ट
देशभर में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक अस्थिर बना रहेगा. बारिश, आंधी और ओलावृष्टि जहां एक ओर गर्मी से राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों और किसानों के लिए नई चुनौतियां भी खड़ी कर रही है. ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहना जरूरी है.
IMD Weather Alert: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. जहां एक ओर कुछ दिनों पहले तक गर्मी बढ़ने लगी थी, वहीं अब आंधी, बारिश, बिजली और ओलावृष्टि ने कई राज्यों में दस्तक दे दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक मौसम का यह बदला हुआ रूप बना रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिल सकती है.
उत्तर भारत में आंधी-बारिश और ओलों का असर
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है. इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है. कुछ जगहों पर हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
मध्य और पूर्वी भारत में भी खराब मौसम
मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी 19 और 20 मार्च को ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. पूर्वोत्तर भारत में भी अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
लगातार एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ और देशभर में हो रही बारिश के चलते अगले एक हफ्ते तक दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. कई इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है, जिससे फिलहाल हीटवेव जैसी स्थिति नहीं बनेगी. हालांकि, कुछ जगहों पर अभी भी तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें गिरावट आ सकती है.
दिल्ली में क्या है मौसम का हाल?
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 20 मार्च को बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. इस दौरान हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक चल सकती हैं. तापमान में भी गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है. इसके बाद 21 और 22 मार्च को मौसम धीरे-धीरे साफ होगा, लेकिन हल्की ठंडक बनी रहेगी.
इसे भी पढ़ें- कितनी गहराई पर मिलता है कच्चा तेल? जानें जमीन और समुद्र दोनों में कहां कम करनी पड़ती है ड्रिलिंग
