मार्च में ही चढ़ा गर्मी का पारा: UP में अगले 7 दिन तक तापमान रहेगा सामान्य से ज्यादा, दिल्ली में 15 मार्च को बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान मुताबिक, मार्च के दूसरे हफ्ते में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. गुजरात और मध्य प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक तापमान सामान्य से ज्यादा बना रह सकता है. वहीं दिल्ली में 15 मार्च को हल्की बारिश की संभावना के चलते थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
IMD Weather Update : मार्च का महीना शुरू होते ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन गई है. गुजरात और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में 12 और 13 मार्च को हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने का अनुमान है.
दूसरी ओर दिल्ली में फिलहाल गर्म मौसम बना रहेगा, लेकिन 15 मार्च को हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है.
यूपी में अगले 7 दिनों तक गर्म रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ज्यादा बना रह सकता है. पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान अगले तीन दिनों तक लगभग स्थिर रहेगा. इसके बाद इसमें करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है. हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसका मतलब यह है कि प्रदेश में दिन के समय भी गर्मी का असर बना रहेगा और रात के समय भी तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है.
पश्चिम और मध्य भारत में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में 12 और 13 मार्च को हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है. खास तौर पर सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में 12 मार्च को कुछ स्थानों पर गंभीर हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा गुजरात क्षेत्र में भी कई जगहों पर तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में भी इन दो दिनों के दौरान गर्मी काफी ज्यादा रहने का अनुमान है और कुछ स्थानों पर हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक ऐसी स्थिति में लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर
जहां देश के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 12 और 13 मार्च को सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 14 मार्च के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 13 मार्च को अरुणाचल प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है. वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 और 17 मार्च को बारिश की संभावना जताई गई है.
पिछले 24 घंटे में कई राज्यों में 40 डिग्री के करीब तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में तापमान काफी ज्यादा दर्ज किया गया है. गुजरात, पश्चिम राजस्थान और विदर्भ के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. इसके अलावा मध्य प्रदेश और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में भी तापमान इसी कैटेगरी में रहा.
दिल्ली में भी तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया और यहां कई जगहों पर अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
दिल्ली में क्या है मौसम का हाल ?
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में लगभग 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. राजधानी में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 13 और 14 मार्च को भी मौसम कुछ इसी तरह बना रहेगा और तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
हालांकि 15 मार्च को मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दिन आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और सुबह या दोपहर के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक की संभावना है.
मौसम विभाग की सलाह
हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचना चाहिए और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए. लोगों को सलाह दी गई है कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और जरूरत पड़ने पर ORS, लस्सी, नींबू पानी या छाछ जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें. इसके अलावा हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने और सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकने की भी सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें- डोमेस्टिक प्रोडक्शन बढ़ाने से भी नहीं पूरी होगी देश में LPG की किल्लत, लंबा खिंचा युद्ध तो बढ़ सकती है परेशानी
Latest Stories
डोमेस्टिक प्रोडक्शन बढ़ाने से भी नहीं पूरी होगी देश में LPG की किल्लत, लंबा खिंचा युद्ध तो बढ़ सकती है परेशानी
इस हफ्ते OTT पर एंटरटेनमेंट का धमाका, पॉलिटिकल और रोमांटिक ड्रामा से भरी ये 5 नई रिलीज; Aspirants 3 भी होगी रिलीज
घर ले आइए यह सरकारी स्टोव, LPG सिलेंडर से मिलेगा छुटकारा; फ्री में बनेगा खाना
