यूपी-दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15-16 मार्च को आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर भारत में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में मौसम अस्थिर रह सकता है. इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भी गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओला गिरने की भी स्थिति बन सकती है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Raj K Raj/HT via Getty Images

देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर भारत में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में मौसम अस्थिर रह सकता है. इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भी गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओला गिरने की भी स्थिति बन सकती है.

15 और 16 मार्च को गरज-चमक की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक 15 और 16 मार्च के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उससे सटे मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कुछ जगहों पर ओला भी गिर सकता है. मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 18 मार्च से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में फिर से बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

उत्तर भारतीय राज्यों में कैसा रहेगा मौसम ?

उत्तर भारत के राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 मार्च के आसपास ओला गिरने की संभावना है. वहीं 15 और 16 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

यूपी में कैसा रहेगा मौसम ?

उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को ओले गिरने की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 मार्च को ओलावृष्टि हो सकती है.

तापमान के रुझान की बात करें तो अगले कुछ दिनों में इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. अधिकतम तापमान अगले तीन दिनों में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान फिर उतनी ही मात्रा में बढ़ सकता है और इसके बाद 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अचानक गिरावट आने की संभावना जताई गई है.

क्या है दिल्ली में मौसम का हाल ?

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
14 मार्च को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

15 मार्च को दिल्ली में सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है और सुबह के समय हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चल सकती है, जो झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- बोतलों में तेल लेने वालों की खैर नहीं, मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी; नियम तोड़ने पर पट्रोल पंपों पर होगी कार्रवाई