भीषण गर्मी के बीच राहत की दस्तक! 5 राज्यों में बारिश-आंधी-तूफान का अलर्ट; UP का ये शहर बना देश का सबसे गर्म

देशभर में मौसम का मिजाज इस समय बेहद अस्थिर बना हुआ है. एक तरफ तेज गर्मी और हीटवेव का असर है, तो दूसरी तरफ कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की जरूरत है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit:

IMD Weather Alert: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. कहीं तेज गर्मी का असर बना हुआ है, तो कहीं आंधी-बारिश और तूफानी हवाओं ने हालात बदल दिए हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने वाला है.

यूपी का बांदा बना देश का सबसे तपता शहर

देश के अधिकांश हिस्सों में कल अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पूर्व बिहार और उत्तर-पूर्व भारत में यह 36 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस उत्तर प्रदेश के बांदा में रिकॉर्ड किया गया.

उत्तर भारत में आंधी, बारिश और ओला गिरने का खतरा

उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है. इसके अलावा कुछ इलाकों में ओला गिरने और धूल भरी आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है, खासकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में 30 अप्रैल को हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है. तापमान 38 से 41 डिग्री के बीच रह सकता है.

देशभर में तापमान और हीटवेव की स्थिति

पिछले 24 घंटों में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. सबसे ज्यादा तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया. कुछ राज्यों में हीटवेव का असर भी देखने को मिला है, जबकि कई जगहों पर रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है.

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में 30 अप्रैल तक तापमान में गिरावट के बाद फिर से बढ़ोतरी होगी, लेकिन 2 से 5 मई के बीच फिर राहत मिलने की संभावना है. वहीं, मध्य और पूर्वी भारत में तापमान में हल्की गिरावट के संकेत हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

इसे भी पढ़ें- अब बाइक चलाते वक्त नहीं सताएगी गर्मी! 40 डिग्री में भी ठंडक देगा ये खास कूलिंग वेस्ट; जानें कैसे करेगा काम