मानसून पहुंचा गोवा-कर्नाटक, अब दिल्ली, यूपी समेत इन 8 राज्यों की बारी; जानें कब देगा दस्तक

दक्षिण भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून. मौसम विभाग के अनुसार परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और अगले 2 से 3 दिनों में महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश समेत कई नए इलाकों में मानसून पहुंच सकता है. वहीं दिल्ली, यूपी और उत्तर भारत के लोगों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है.

क्या है मौसम का हाल

IMD WEATHER ALERT: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों की नजर अब मानसून पर टिकी हुई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 5 जून 2026 को कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कुछ और हिस्सों तक पहुंच गया है. मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके लिए मौसम की परिस्थितियां भी अनुकूल बनी हुई हैं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गोवा के बाकी हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ सकता है.

अभी कहां तक पहुंच चुका है मानसून?

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और कुछ दूसरी समुद्री क्षेत्रों तक आगे बढ़ चुका है. इसके साथ ही केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने केरल में 6 और 7 जून को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की है.

यूपी और दिल्ली में कब पहुंचेगा मानसून?

मौसम विभाग ने फिलहाल यूपी और दिल्ली में मानसून पहुंचने की कोई निश्चित तारीख जारी नहीं की है. हालांकि मौजूदा प्रगति को देखते हुए मानसून पहले महाराष्ट्र और मध्य भारत के हिस्सों में आगे बढ़ेगा, जिसके बाद उत्तर भारत की ओर बढ़ने की संभावना है. आमतौर पर मानसून जून के अंतिम सप्ताह के आसपास दिल्ली पहुंचता है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री जून के मध्य से अंतिम सप्ताह के बीच होती है.

दिल्ली में अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक राहत भरा मौसम बने रहने की संभावना है. 6 जून को हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 7 और 8 जून से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

उत्तर भारत में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं राजस्थान में धूलभरी आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है.

इसे भी पढ़ें- 6 राज्यों में 8 अस्पताल, 2211 बेड… अब ₹1800 करोड़ जुटाने के लिए IPO लाने की तैयारी, SEBI के पास पहुंचा DRHP