दिल्ली-यूपी समेत 8 राज्यो में मौसम लेगा यू-टर्न! पहले बढ़ेगी गर्मी फिर आएगी आंधी-बारिश; राजकोट रहा सबसे गर्म
देश में मौसम फिलहाल दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है. गुजरात और राजस्थान जैसे राज्यों में गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है, जबकि दिल्ली, यूपी, पंजाब और बिहार समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में तेज हवाओं और बारिश के कारण मौसम बदल सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ गुजरात और राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बढ़ता दिख रहा है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र का राजकोट देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
उत्तर भारत में बदलने वाला है मौसम
IMD के अनुसार 11 से 14 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसका असर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और कई चक्रवाती सर्कुलेशन एक्टिव होने की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा. यही सिस्टम आने वाले दिनों में उत्तर भारत में तेज हवाएं और हल्की बारिश ला सकता है.
यूपी, बिहार और पंजाब में क्या रहेगा असर
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है. पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस भी बढ़ सकती है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली-NCR में कब बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में फिलहाल आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. 9 मई को तापमान 35 से 37 डिग्री और 10 मई तक 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
हालांकि 11 मई को मौसम बदल सकता है. IMD के मुताबिक उस दिन दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम या रात के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
राजस्थान और गुजरात में हीटवेव का खतरा
IMD ने पश्चिम राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक हीटवेव की चेतावनी जारी की है. सौराष्ट्र-कच्छ और पश्चिम राजस्थान में लू चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 12 मई तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
इसे भी पढ़ें- केवल ₹28000 में करें बाली की सैर, ये हैं सस्ते पैकेज और ट्रैवल की डिटेल, जानें 1 लाख भारतीय रुपये की कितनी वैल्यू
Latest Stories
कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं हीटवेव, यूपी में 43°C पहुंचा पारा; जानें अगले 7 दिनों तक देशभर में कैसा रहेगा मौसम
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दिया इस्तीफा, चंदा चोरी के मामले में 8 लोग गिरफ्तार
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए थे 6 भारतीय सैनिक, सरकार ने पहली बार बताए नाम
