लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे अगले चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ, उपेंद्र द्विवेदी की लेंगे जगह
केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है. वह वर्तमान में सेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं और इस महीने सेवानिवृत्त हो रहे जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे. लगभग 40 वर्षों के सैन्य अनुभव वाले धीरज सेठ आर्मर्ड कोर से आने वाले पहले सेना प्रमुख होंगे.

Lt Gen Dhiraj Seth: केंद्र सरकार ने शनिवार को लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख नियुक्त करने का फैसला किया. वह वर्तमान में सेना के उप प्रमुख यानी वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं. वह जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल इस महीने के अंत में पूरा हो रहा है. लगभग चार दशक के सैन्य अनुभव वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के सबसे सीनियर अधिकारियों में शामिल हैं. उनकी नियुक्ति को सेना के मॉर्डनाइजेशन और रणनीतिक क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जून 2024 में भारतीय सेना के 30वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला था. अब उनके रिटायर होने के बाद लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ सेना की कमान संभालेंगे. केंद्र सरकार ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है. सेना में उनके लंबे अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
लगभग 40 साल का है सैन्य अनुभव
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने नेशनल डिफेंस एकेडमी खडकवासला से ट्रेनिंग प्राप्त किया और दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन हासिल किया. इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. उन्होंने विभिन्न ऑपरेशन, कमांड और रणनीतिक पदों पर रहते हुए सेना की क्षमता को मजबूत करने में योगदान दिया है.
यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार में झमाझम बारिश का अलर्ट, राजस्थान में आंधी का खतरा; जानें किन राज्यों में बदलेगा मौसम
सैन्य सेवा से जुड़ा है पूरा परिवार
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का परिवार भी लंबे समय से सशस्त्र बलों से जुडा रहा है. उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ भारतीय सेना में एडजुटेंट जनरल रह चुके हैं और बाद में छत्तीसगढ, मध्य प्रदेश तथा त्रिपुरा के राज्यपाल भी बने. उनके छोटे भाई रियर एडमिरल रावनीश सेठ वर्तमान में करवार में तैनात हैं.