Prudential ने Bharti Life Insurance में खरीदी 75 फीसदी हिस्सेदारी;3500 करोड़ रुपये की डील

ब्रिटेन की इंश्योरेंस कंपनी Prudential Plc ने भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है. यह सौदा करीब 3500 करोड़ रुपये में होगा. कंपनी का कहना है कि भारत का इंश्योरेंस बाजार तेजी से बढ रहा है और इसमें लंबे समय के अवसर मौजूद हैं.

इंश्योरेंस

ब्रिटेन की इंश्योरेंस कंपनी Prudential Plc ने भारत के लाइफ इंश्योरेंस बाजार में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है. यह डील करीब 3500 करोड़ रुपये में होगी. प्रुडेंशियल यह हिस्सेदारी भारती लाइफ वेंचर्स और 360 वन एसेट मैनेजमेंट से खरीदेगी. इस सौदे के बाद प्रुडेंशियल भारत में अपनी मौजूदगी और मजबूत करना चाहती है. कंपनी का मानना है कि भारत का इंश्योरेंस बाजार तेजी से बढ़ रहा है और इसमें लंबी अवधि के अवसर मौजूद हैं.

3500 करोड़ रुपये में होगी डील

प्रुडेंशियल ने बताया कि वह भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी. इस सौदे के लिए कंपनी 3500 करोड़ रुपये का शुरुआती पेमेंट करेगी. इसके अलावा कुछ शर्तें पूरी होने पर 700 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त पेमेंट भी किया जा सकता है. कंपनी ने कहा कि यह निवेश मौजूदा संसाधनों से किया जाएगा. फिलहाल इस डील के लिए रेगुलेटरी मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है.

इंश्योरेंस मार्केट पर प्रुडेंशियल का फोकस

पीटीआई के रिपोर्ट के मुताबिक, प्रुडेंशियल ने भारत को अपने लिए महत्वपूर्ण और तेजी से बढ़ता बाजार बताया है. कंपनी के सीईओ अनिल वाधवानी ने कहा कि भारत में बचत और सुरक्षा से जुडे़ उत्पादों की मांग तेजी से बढ रही है. प्रुडेंशियल अपने करीब 180 साल के वैश्विक अनुभव के साथ भारतीय बाजार में विस्तार करना चाहती है. कंपनी का लक्ष्य भारत सरकार के इंश्योरेंस फॉर ऑल 2047 मिशन को सपोर्ट देना भी है. इसके जरिए ज्यादा लोगों तक इंश्योरेंस सर्विस पहुंचाने की योजना बनाई गई है.

आईसीआईसीआई प्रु लाइफ में हिस्सेदारी घटानी होगी

फिलहाल प्रुडेंशियल की आईसीआईसीआई प्रुडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में करीब 22 फीसदी हिस्सेदारी है. लेकिन नए सौदे के बाद रेगुलेटरी नियमों के तहत कंपनी को अपनी हिस्सेदारी 10 फीसदी से नीचे लानी होगी. कंपनी ने कहा कि वह इस प्रक्रिया को लेकर संबंधित रेगुलेटरी संस्थाओं से बातचीत कर रही है. प्रुडेंशियल का कहना है कि हिस्सेदारी बिक्री की प्रक्रिया शेयरधारकों के हितों को ध्यान में रखकर पूरी की जाएगी.

भारती और प्रुडेंशियल की साझेदारी पर जोर

भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि यह साझेदारी भारतीय इंश्योरेंस बाजार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. उन्होंने कहा कि प्रुडेंशियल का वैश्विक अनुभव और भारती की मजबूत स्थानीय मौजूदगी मिलकर ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने में मदद करेगी. इस साझेदारी से कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों के लिए नए अवसर पैदा होंगे. साथ ही भारत और ब्रिटेन के कारोबारी रिश्तों को भी मजबूती मिलेगी.

यह भी पढ़ें- हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी शिकायतों में 41 फीसदी की बढ़ोतरी; 69% मामले क्लेम खारिज होने से जुड़े; 1 Finance की स्टडी में खुलासा

भविष्य में हेल्थ इंश्योरेंस कारोबार पर भी नजर

प्रुडेंशियल भारत में हेल्थ इंश्योरेंस कारोबार को भी तेजी से आगे बढाना चाहती है. कंपनी ने कहा कि वह अपने स्वतंत्र हेल्थ इंश्योरेंस बिजनेस के लिए रेगुलेटरी मंजूरी की प्रक्रिया में है. मंजूरी मिलने के बाद वर्ष 2026 में इसका संचालन शुरू किया जा सकता है. इसके अलावा भारती लाइफ भविष्य में भारती एयरटेल और 360 वन के साथ रणनीतिक डिस्ट्रीब्यूशन समझौते भी कर सकती है. इससे कंपनी की पहुंच और ग्राहक आधार मजबूत होने की उम्मीद है.