लिस्टिंग के साथ ₹1 लाख 2 हजार का हो सकता है मुनाफा, 23 फरवरी से खुलेगा इश्यू; जानें डिटेल्स
SME सेगमेंट की इस कंपनी का IPO 23-25 फरवरी तक खुला रहेगा. 43 रुपये से 46 रुपये के प्राइस बैंड वाले इस फ्रेश इश्यू में मजबूत GMP के चलते लिस्टिंग पर अच्छे मुनाफे की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि निवेश के लिए ऊंची राशि की जरूरत होगी. जानें क्या है जीएमपी का हाल.
Accord Transformer & Switchgear IPO GMP: ये सप्ताह यानी 23 फरवरी से शुरू होने वाला हफ्ता प्राइमरी बाजार के लिए थोड़ा बेहतर साबित हो सकता है. क्योंकि मेनबोर्ड से लेकर SME सेगमेंट, दोनों ही जगहों पर अच्छी हलचल देखने को मिल रही है. दोनों ही सेगमेंट को मिला दें तो कुल 9 कंपनियों के इश्यू एंट्री के लिए तैयार खड़े हैं. आज हम उन्हीं में से एक कंपनी जो SME सेगमेंट की हैं, की बात करने वाले हैं. कंपनी का नाम Accord Transformer & Switchgear है. कंपनी का इश्यू कल यानी सोमवार, 23 फरवरी को खुलने वाला है. इश्यू खुलने से पहले ही इसके जीएमपी में दमदार तेजी देखी गई. आइए विस्तार से सभी पहलुओं की जानकारी देते हैं.
क्या है IPO के डिटेल्स?
Accord Transformer & Switchgear का IPO 23 फरवरी को खुलकर 25 फरवरी को बंद हो जाएगा. इश्यू के जरिये कंपनी कुल 26 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसमें 1 करोड़ रुपये मार्केट मेकर के लिए रिजर्व रहेगा यानी कुल पब्लिक इश्यू का साइज लगभग 24 से 25 करोड़ रुपये है. यह पूरी तरह से फ्रेश इश्यू होने वाला है. इश्यू के एक लॉट में कुल 3000 शेयर शामिल हैं. वहीं, आईपीओ के लिए कंपनी ने 43 रुपये से 46 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है. इससे इतर, आईपीओ में शेयरों का आवंटन 26 फरवरी और BSE NSE पर लिस्टिंग 2 मार्च को होने की संभावना है.
क्या है GMP का हाल?
मौजूदा समय में Accord Transformer & Switchgear आईपीओ का जीएमपी 36.96 फीसदी पर ट्रेड कर रहा है. यानी लिस्टिंग के साथ निवेशकों को प्रति शेयर 17 रुपये और प्रति लॉट 51000 रुपये का मुनाफा हो सकता है. दो दिन पहले इश्यू का जीएमपी 12 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. चूंकि, निवेश करने के लिए रिटेल निवेशकों को कम से कम 2 लॉट के लिए दांव लगाना अनिवार्य है. इस आधार पर लिस्टिंग के साथ 2 लॉट के हिसाब से निवेशकों को 1,02,000 रुपये का मुनाफा हो सकता है.
कौन-कितना कर सकता है निवेश?
IPO में अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से तय राशि और लॉट साइज होता है. रिटेल निवेशक कम से कम और ज्यादा से ज्यादा 2 लॉट के लिए दांव लगा सकता है. इसके लिए उन्हें 2,76,000 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. इससे इतर, S-HNI कम से कम 3 और ज्यादा से ज्यादा 7 लॉट के लिए बोली लगा सकता है. इसके लिए उन्हें क्रमश: 4,14,000 रुपये और 9,66,000 रुपये खर्च करने पड़ेंगे.
ये भी पढ़ें- 23 फरवरी को खुलेगा इस रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी का IPO, टूट रहा GMP; जानें लिस्टिंग और कंपनी की पूरी डिटेल्स
डिसक्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.
